बड़ा हादसा: लगातार बारिश बनी काल, कच्ची दीवार ढहने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

खबर शेयर करें

लखीमपुर खीरी। जिले के नीमगांव थाना क्षेत्र के रहमतपुर गांव में शनिवार तड़के लगातार बारिश के बीच दर्दनाक हादसा हो गया। कच्चे मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार के नीचे सो रहे पति-पत्नी और उनके आठ वर्षीय बेटे के दब जाने से तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर से पूरे गांव में मातम पसर गया। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों में भी दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार रहमतपुर निवासी मोहन कश्यप (50) अपने परिवार के साथ कच्चे मकान में सो रहे थे। शुक्रवार से जिले में लगातार बारिश हो रही थी। शनिवार तड़के बारिश के बीच अचानक मकान की कच्ची दीवार भरभराकर गिर गई। दीवार के मलबे में मोहन कश्यप, उनकी पत्नी कविता कश्यप (45) और आठ वर्षीय पुत्र नानू कश्यप दब गए।

यह भी पढ़ें 👉  बारात आने से पहले दुल्हन फरार...फिर छोटी बहन संग रचाई गई शादी, रातभर चला हाईवोल्टेज ड्रामा

अचानक दीवार गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। हादसे की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल मलबा हटाने का प्रयास शुरू किया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि इस्लाम की सूचना पर क्षेत्रीय लेखपाल अनुज वर्मा और नीमगांव थाने के एसओ प्रवीर कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

यह भी पढ़ें 👉  जब प्रेमानंद महाराज जी से मिलने पहुंचे ‘छोटा भीम’ और ‘डोरेमॉन’, सोनल कौशल ने अपनी वॉइस कला से किया मंत्रमुग्ध

पुलिस और ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद मलबे के नीचे दबे तीनों लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। एक साथ तीन लोगों की मौत की खबर से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।

सूचना मिलने के बाद राजस्व विभाग और पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी जुटाई। लगातार बारिश के बीच कच्चे मकान में हुए इस हादसे ने ग्रामीणों की चिंता भी बढ़ा दी है। जिले में शुक्रवार से लगातार बारिश होने के कारण कच्चे मकानों और कमजोर ढांचों पर खतरा बढ़ गया है।

यह भी पढ़ें 👉  Indian Railways: देश के 7 सबसे व्यस्त रेल कॉरिडोर होंगे फोर-लेन, दिल्ली से मुंबई-हावड़ा तक बढ़ेगी ट्रेनों की रफ्तार

ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के कारण पहले से कमजोर मकान की दीवार पर दबाव बढ़ गया था, जिसके चलते यह हादसा हुआ। प्रशासन की टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। हादसे ने एक ही परिवार के तीन सदस्यों को हमेशा के लिए छीन लिया, जिससे रहमतपुर गांव में शोक का माहौल है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page