नैनीताल। कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत ने बुधवार को नैनीताल नगर के विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर कड़ी नजर डाली। उन्होंने सभी विभागों को तय समयसीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के सख्त निर्देश दिए, वहीं कई स्थानों पर गंदगी और धीमी प्रगति पर नाराजगी भी जताई।
निरीक्षण के दौरान माल रोड नैनीताल पर चल रहे सड़क सुधारीकरण कार्य का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि एंकरिंग और माइक्रोपाइलिंग का काम प्रगति पर है, जिनमें 51 में से 11 माइक्रोपाइल लगाए जा चुके हैं। आयुक्त ने 31 जून तक कार्य हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके बाद डीएसए मैदान नैनीताल में 5 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे फसाड, शौचालय, चेंजिंग रूम और बैडमिंटन कोर्ट के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया गया। आयुक्त ने 15 जून तक शौचालय और चेंजिंग रूम का कार्य पूरा करने को कहा।
बड़ा बाजार नैनीताल और खड़ी बाजार में 2.38 करोड़ रुपये की लागत से हो रहे सौंदर्यीकरण व अंडरग्राउंड केबलिंग कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए आयुक्त ने दो दिन में आईपी सीसीटीवी कैमरे लगाने और बरसात से पहले भूमिगत कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वह स्वयं इन कार्यों की मॉनिटरिंग करेंगे।
बी.डी. पांडे अस्पताल परिसर में मंडी परिषद द्वारा 9.13 करोड़ रुपये की लागत से बनाए जा रहे आवास और चहारदीवारी का कार्य बंद मिलने पर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई और तत्काल काम शुरू करने के निर्देश दिए।
चार्टन लॉज-आभागढ़ क्षेत्र में जगह-जगह कूड़े के ढेर मिलने पर आयुक्त ने नगर पालिका अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने सीसीटीवी कैमरे लगाने, चार कर्मचारियों की नियमित तैनाती और गंदगी फैलाने वालों पर चालान की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
रोडवेज बस अड्डा नैनीताल के निरीक्षण के दौरान भी गंदगी पर नाराजगी जताई गई और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। संबंधित सफाई निरीक्षक से स्पष्टीकरण भी तलब किया गया।
आयुक्त दीपक रावत ने स्पष्ट कहा कि सभी कार्य निर्धारित समय में पूरे किए जाएं, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संकेत दिया कि वह जल्द ही दोबारा निरीक्षण करेंगे।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल, एसडीएम नवाजिश खालिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

