हल्द्वानी/नैनीताल। जिले में मानसून लगातार सक्रिय बना हुआ है। पिछले 24 घंटों में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे कई स्थानों पर जनजीवन प्रभावित हुआ है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की शुक्रवार सुबह 8:25 बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार, कालाढूंगी में सबसे अधिक 43 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
रिपोर्ट के मुताबिक, स्नो व्यू (नैनीताल) में 24.0 मिमी, काठगोदाम (हल्द्वानी) में 13.0 मिमी, कैंची धाम में 5.0 मिमी, बेतालघाट में 13.75 मिमी, रामनगर में 9.6 मिमी, खनस्यूं में 22.0 मिमी, मुक्तेश्वर में 14.7 मिमी तथा चोरगलिया में 26.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।
बारिश के चलते जिले में एक वृहत (VR), दो राज्य राजमार्ग (SH) और दो प्रमुख जिला मार्ग (MDR) समेत कुल 11 सड़कें बंद हो गई हैं। संबंधित विभागों की टीमें मार्गों को खोलने में जुटी हुई हैं, जबकि अन्य सभी सड़कें यातायात के लिए सुचारु रूप से संचालित हो रही हैं।
वहीं, पिनरो और पिनसेला क्षेत्र में कुछ स्थानों पर बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। ऊर्जा विभाग की टीमें आपूर्ति बहाल करने के प्रयास में लगी हैं। राहत की बात यह है कि जिले में पेयजल आपूर्ति सामान्य बनी हुई है और किसी बड़े व्यवधान की सूचना नहीं है।
जिला प्रशासन ने लोगों से लगातार हो रही बारिश को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के दूरभाष 05942-231178/79 अथवा टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क कर सकते हैं।

