देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने विभिन्न वर्दीधारी सेवाओं में भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को बड़ी राहत दी है। सरकार ने सिपाही स्तर के विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए लागू नई एकीकृत नियमावली के आयु प्रावधानों को फिलहाल तीन वर्ष के लिए स्थगित कर दिया है। अब 31 दिसंबर 2028 तक संबंधित विभागों की पुरानी सेवा नियमावलियों के अनुसार ही सीधी भर्तियां की जाएंगी। इसके बाद 1 जनवरी 2029 से सभी विभागों में एकीकृत नियमावली के तहत अधिकतम आयु सीमा 35 वर्ष समान रूप से लागू होगी।
सरकार के इस फैसले से हजारों ऐसे अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी, जो नई नियमावली लागू होने के बाद आयु सीमा में बदलाव के कारण भर्ती प्रक्रिया से बाहर होने की आशंका जता रहे थे। हालांकि उप निरीक्षक (पुलिस एवं अभिसूचना), प्लाटून कमांडर (पीएसी/आईआरबी), अग्निशमन द्वितीय अधिकारी और वन दरोगा के पद इस विशेष छूट के दायरे में नहीं होंगे। इन पदों पर भर्ती निर्धारित नियमों के अनुसार ही होगी।
इन पदों पर मिलेगा लाभ
- अग्निशामक (गृह विभाग)
- बंदी रक्षक (गृह विभाग)
- वन आरक्षी (वन विभाग)
- आबकारी सिपाही (आबकारी विभाग)
- प्रवर्तन सिपाही (परिवहन विभाग)
आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को आयु सीमा में नियमानुसार मिलने वाली छूट पहले की तरह जारी रहेगी।
शारीरिक मानकों को लेकर भी जारी हुए नए नियम
सरकार ने भर्ती प्रक्रिया के लिए शारीरिक मापदंड और दक्षता परीक्षा के मानक भी स्पष्ट कर दिए हैं। सामान्य, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और अनुसूचित जाति के पुरुष अभ्यर्थियों के लिए पद के अनुसार 163 सेंटीमीटर से 167.7 सेंटीमीटर तक न्यूनतम लंबाई निर्धारित की गई है। पर्वतीय क्षेत्रों के अभ्यर्थियों और अनुसूचित जनजाति वर्ग को नियमानुसार छूट मिलेगी। महिला अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम वजन 45 किलोग्राम अनिवार्य किया गया है।
शारीरिक दक्षता परीक्षा में प्रत्येक गतिविधि को पास करना अनिवार्य होगा। किसी भी एक परीक्षा में असफल होने पर अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया से बाहर हो जाएगा। पुरुष और महिला अभ्यर्थियों के लिए क्रिकेट बॉल थ्रो तथा लंबी कूद के अलग-अलग मानक निर्धारित किए गए हैं। कई पदों पर पुरुष अभ्यर्थियों के लिए कम से कम पांच पुल-अप (बीम खींचना) भी अनिवार्य होंगे।
दौड़ और फिटनेस के कड़े मानक
वन दरोगा पद के लिए पुरुष अभ्यर्थियों को चार घंटे में 25 किलोमीटर तथा महिला अभ्यर्थियों को चार घंटे में 14 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी होगी। वहीं पुलिस एवं अन्य सिपाही स्तर के पदों के लिए पुरुषों को 5 किलोमीटर की दौड़ 32 मिनट में तथा महिलाओं को 2 किलोमीटर की दौड़ 15 मिनट में पूरी करनी होगी। इसके अलावा 25×4 मीटर शटल रन 30 सेकंड के भीतर पूरी करना भी अनिवार्य होगा।

