शैक्षणिक नियुक्तियों, छात्रवृत्ति योजना, अकादमिक सुधार और नई शिक्षा नीति से जुड़े प्रस्तावों पर लगी मुहर
हल्द्वानी। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की 46वीं कार्य परिषद की बैठक मंगलवार को विश्वविद्यालय अतिथि गृह में कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में विश्वविद्यालय के प्रशासनिक, शैक्षणिक और संस्थागत विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा अधिकांश प्रस्तावों को कार्य परिषद की संस्तुति प्रदान की गई।
बैठक की शुरुआत 45वीं कार्य परिषद की बैठक के कार्यवृत्त की पुष्टि और उस पर की गई कार्रवाई के अनुमोदन से हुई। इसके बाद विश्वविद्यालय के विकास और अकादमिक गतिविधियों से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया।
कार्य परिषद ने विश्वविद्यालय में विज्ञापित शैक्षणिक पदों की चयन प्रक्रिया, नए अध्ययन केंद्रों एवं विशेष अध्ययन केंद्रों की स्थापना, इंडिविजुअल स्पॉन्सरशिप (व्यक्तिगत छात्रवृत्ति) योजना के क्रियान्वयन, विभिन्न विषयों में अस्थायी आधार पर सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति, सामुदायिक रेडियो अनुभाग में कार्मिकों के चयन, पुनर्नियोजन संबंधी मामलों तथा केंद्रीय मूल्यांकन संचालन के लिए मानदेय निर्धारण से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी।
बैठक में विश्वविद्यालय की 35वीं एवं 36वीं विद्या परिषद की बैठकों में पारित विभिन्न शैक्षणिक प्रस्तावों और संस्तुतियों का भी अनुमोदन किया गया। इनमें नए शैक्षणिक कार्यक्रमों की शुरुआत, पाठ्यक्रमों एवं विनियमों में संशोधन, शोध एवं अकादमिक गतिविधियों को सशक्त बनाने, परीक्षा एवं मूल्यांकन प्रणाली में सुधार तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप अकादमिक सुधारों से जुड़े प्रस्ताव शामिल रहे।
कार्य परिषद ने इन प्रस्तावों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, प्रशासनिक दक्षता और संस्थागत विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए अपनी संस्तुति प्रदान की। विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि इन निर्णयों से छात्रों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी और विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी बनेगी।
बैठक में कार्य परिषद के नामित बाह्य सदस्य एवं हिमालयन चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष रमेश चंद्र बिंजोला ऑफलाइन शामिल हुए। वहीं प्रो. बी.एस. राजपूत (पूर्व कुलपति, कुमाऊं विश्वविद्यालय), प्रो. योजना रावत (पंजाब विश्वविद्यालय), प्रो. शची शाह (इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय) तथा उच्च शिक्षा विभाग के अपर सचिव मनोज गोयल ऑनलाइन माध्यम से जुड़े।
विश्वविद्यालय की ओर से कुलसचिव खेमराज भट्ट, वित्त नियंत्रक एस.पी. सिंह, परीक्षा नियंत्रक सोमेश कुमार, प्रो. पी.डी. पंत, प्रो. रेनू प्रकाश, डॉ. हरीश जोशी, डॉ. नीरजा सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक की कार्यसूची कुलसचिव खेमराज भट्ट ने परिषद के समक्ष प्रस्तुत की।

