Haldwani: जर्जर सड़कें, बिजली-पानी और मानसूनी आपदा का मुद्दा प्रभारी मंत्री तक पहुंचा, समाजसेवी राहुल दरम्वाल ने उठाई जनसमस्याएं

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। नैनीताल जनपद में बदहाल सड़कों, पेयजल संकट, बिजली व्यवस्था और मानसून के दौरान बढ़ते आपदा खतरे को लेकर समाजसेवी राहुल सिंह दरम्वाल ने प्रदेश के प्रभारी मंत्री खजान दास से मुलाकात कर जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। उन्होंने रामनगर विधानसभा समेत नैनीताल जिले के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं से अवगत कराते हुए इनका शीघ्र समाधान कराने की मांग की।

मुलाकात के दौरान राहुल सिंह दरम्वाल ने कहा कि नैनीताल जनपद के अनेक गांवों और दूरस्थ इलाकों में सड़कें वर्षों से जर्जर हालत में हैं। बरसात के मौसम में इन मार्गों पर आवागमन बेहद कठिन हो जाता है, जिससे आम लोगों, स्कूली बच्चों और मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा कई क्षेत्रों में बिजली और पेयजल की समस्या भी लगातार बनी हुई है, लेकिन संबंधित विभागों की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: चमोली में 3.4 तीव्रता का भूकंप, झटके महसूस कर घरों से बाहर निकले लोग

उन्होंने प्रभारी मंत्री का ध्यान मानसून के दौरान भूस्खलन, सड़क अवरोध, नदी-नालों के उफान और अन्य संभावित आपदाओं की ओर भी आकर्षित किया। उन्होंने मांग की कि आपदा संभावित क्षेत्रों में पहले से पर्याप्त मशीनरी, राहत सामग्री और बचाव दल तैनात किए जाएं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत कार्य शुरू किया जा सके।

प्रभारी मंत्री खजान दास ने राहुल सिंह दरम्वाल को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार जनसमस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं लगातार प्रदेश के विभिन्न जिलों का दौरा कर विकास कार्यों और जनसमस्याओं की समीक्षा कर रहे हैं। सभी प्रभारी मंत्रियों को भी अपने-अपने जिलों में नियमित निरीक्षण और विकास कार्यों की निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  Nainital: नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों की ठगी, विधायकों से पहचान बताकर लोगों को फंसाता था आरोपी

उन्होंने बताया कि वह शीघ्र ही नैनीताल जनपद का दौरा करेंगे। इस दौरान जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें सड़क, बिजली, पेयजल, आपदा प्रबंधन और अन्य लंबित विकास कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जिन समस्याओं का समाधान प्रशासनिक स्तर पर संभव है, उनका तत्काल निस्तारण कराया जाएगा, जबकि अन्य मामलों को शासन स्तर पर प्राथमिकता से लिया जाएगा।

राहुल सिंह दरम्वाल ने कहा कि प्रभारी मंत्री ने जनपद की समस्याओं को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि दूरस्थ क्षेत्रों की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रस्तावित दौरे के बाद वर्षों से लंबित विकास कार्यों को गति मिलेगी और आम जनता को राहत मिलेगी।

यह भी पढ़ें 👉  त्योहारी सीजन से पहले महंगाई का झटका...चीनी-चावल के बढ़े दाम, इलेक्ट्रॉनिक सामान भी हो सकते हैं महंगे

गौरतलब है कि राहुल सिंह दरम्वाल लंबे समय से रामनगर, हल्द्वानी और नैनीताल क्षेत्र में सामाजिक सरोकारों से जुड़े हुए हैं। वह ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाते रहे हैं। कई स्थानों पर प्रशासन की पहुंच न होने पर उन्होंने अपने सहयोगियों के साथ श्रमदान कर ग्रामीण सड़कों को आवागमन योग्य बनाने का कार्य भी किया है। उनके इस जनसेवा अभियान को स्थानीय स्तर पर व्यापक समर्थन और सराहना मिलती रही है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page