Haldwani: धर्म के नाम पर नफरत फैलाने वाला महाराष्ट्र का आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ा, फोन पर दी थी जान से मारने की धमकी

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। धर्म के नाम पर नफरत फैलाने, फोन पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में नैनीताल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हल्द्वानी पुलिस ने महाराष्ट्र निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जो कथित तौर पर फोन कॉल के जरिए धार्मिक भावनाएं भड़काने और समाज में वैमनस्य फैलाने का प्रयास कर रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी का पता लगाकर उसे पंतनगर से दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार 5 जून 2026 को गौजाजाली बिचली, पुरानी आईटीआई हल्द्वानी निवासी कमल जोशी ने कोतवाली हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि एक अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल फोन पर संपर्क कर अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जान से मारने की धमकी दी और धार्मिक भावनाओं को भड़काने वाले आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया।

यह भी पढ़ें 👉  बजट से पहले बड़ी राहत: कमर्शियल गैस सिलेंडर सस्ते, घरेलू सिलेंडर के दाम स्थिर

तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा संख्या 189/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल जांच के निर्देश दिए।

क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल माध्यमों की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन महाराष्ट्र में मिली और उसकी पहचान एक ट्रक चालक के रूप में हुई।

यह भी पढ़ें 👉  राशिफल 29 मार्च 2025

पुलिस टीम ने लगातार निगरानी और सुरागरसी करते हुए आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी। विवेचना के दौरान मामले में धार्मिक वैमनस्य फैलाने और अन्य गंभीर आरोपों से संबंधित अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाई गईं। इसके बाद 23 जून को पुलिस ने आरोपी को पंतनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रहीम गुल खान उर्फ वसीम खान (35 वर्ष) पुत्र नजर खान निवासी हिवारा लोहिला, थाना वासिम ग्रामीण, जिला वासिम (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त Xiaomi 11 Lite NE मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

यह भी पढ़ें 👉  राशिफल 8 मार्च 2025

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक बरामद मोबाइल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी ने इस प्रकार की गतिविधियां और किन-किन लोगों के साथ की हैं।

एसएसपी का सख्त संदेश

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि धर्म, जाति या किसी भी संवेदनशील विषय के नाम पर समाज में नफरत फैलाने, लोगों को धमकाने और शांति व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया, फोन कॉल या किसी अन्य माध्यम से वैमनस्य फैलाने वाले तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page