हल्द्वानी/देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए विभिन्न विकास योजनाओं हेतु कुल ₹1344 करोड़ की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इन योजनाओं में विद्युत, पेयजल, सिंचाई, पर्यटन, पार्किंग, आवासीय निर्माण, जिला योजना और बद्री गाय संरक्षण जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री द्वारा जनपद नैनीताल के हल्द्वानी स्थित बिठौरिया नंबर-1 की विकासनगर कॉलोनी में नलकूप निर्माण के लिए ₹63.62 लाख की अवशेष धनराशि स्वीकृत की गई है। वहीं बागेश्वर जिले के कपकोट विधानसभा क्षेत्र के सरयू वैली और शामा क्षेत्र में विद्युत सब स्टेशन स्थापना के लिए ₹6.54 करोड़ की योजना के तहत प्रथम किश्त के रूप में ₹2 करोड़ मंजूर किए गए हैं।
इसके साथ ही देहरादून कैंट विधानसभा क्षेत्र में बंच केबल से वंचित क्षेत्रों में विद्युत कार्यों के लिए ₹4.92 करोड़ की योजना के सापेक्ष प्रथम किश्त में ₹1.96 करोड़ जारी करने का अनुमोदन भी मुख्यमंत्री ने प्रदान किया है।
पार्क, भवन निर्माण और बद्री गाय संरक्षण को बढ़ावा
ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम दरऊ में डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क एवं तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए ₹25 लाख की स्वीकृति दी गई है। वहीं रुद्रप्रयाग जिले के ग्राम रैतोली में ग्रामीण निर्माण विभाग के अनावासीय कार्यालय भवन निर्माण हेतु ₹3.85 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं, जिसमें प्रथम किश्त के रूप में ₹1.54 करोड़ जारी होंगे।
पशुपालन विभाग के अंतर्गत भराड़ीसैंण क्षेत्र में बद्री गाय के संरक्षण और संवर्धन के लिए ₹30.03 करोड़ की मंजूरी भी दी गई है।
जिला न्यायालय और जिला योजनाओं को भी मिली मंजूरी
मुख्यमंत्री ने देहरादून में नवनिर्मित जिला न्यायालय कॉम्प्लेक्स की विशेष सेवाओं और सफाई व्यवस्था के लिए ₹4.39 करोड़ की लागत को स्वीकृति प्रदान की है। यह कार्यदायी संस्था एनबीसीसी के माध्यम से किया जाएगा।
वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिला योजना मद में ₹1018 करोड़ की धनराशि सभी जिलाधिकारियों के नियंत्रण में रखने का भी निर्णय लिया गया है।
बिजली उपभोक्ताओं और पिटकुल को राहत
राज्य के घरेलू उपभोक्ताओं को विद्युत टैरिफ में राहत देने के लिए ₹100 करोड़ के बजट प्रावधान के सापेक्ष ₹27.74 करोड़ जारी करने को मंजूरी दी गई है।
वहीं पिटकुल को एडीबी पोषित बाह्य सहायतित योजनाओं के तहत ₹478.88 करोड़ के बजट के सापेक्ष प्रथम किश्त में ₹150 करोड़ जारी किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त पीएफसी वित्त पोषित निर्माणाधीन एवं संचालित योजनाओं के लिए ₹45 करोड़ की पहली किश्त भी स्वीकृत की गई है।
पर्यटन और कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग को बढ़ावा
उत्तराखंड राज्य पर्यटन विकास परिषद को अनुदान मद में प्रावधानित ₹110 करोड़ में से शेष ₹55 करोड़ जारी करने का अनुमोदन मुख्यमंत्री ने दिया है।
इसके अलावा पिथौरागढ़ जिले में कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग स्थित नाबीढांग कैंप में 9 इग्लू हट निर्माण की मंजूरी भी प्रदान की गई है, जिससे पर्यटन और यात्रा सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।
पुलिस आवास, पार्किंग और सिंचाई योजनाओं को भी मिली मंजूरी
चंपावत जिले के थाना पाटी में टाइप-2 के छह और टाइप-3 का एक आवास निर्माण हेतु ₹3.02 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।मुख्यमंत्री ने ऊखीमठ पिंगलापानी योजना के लिए ₹1 करोड़ तथा टिहरी गढ़वाल के जामणीखाल क्षेत्र में पार्किंग निर्माण हेतु ₹83.64 लाख मंजूर किए हैं।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के अंतर्गत लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना के निर्माण हेतु केंद्रांश ₹25.55 करोड़ के सापेक्ष राज्यांश के रूप में ₹2.84 करोड़ की स्वीकृति का अनुमोदन भी मुख्यमंत्री द्वारा प्रदान किया गया है।

