Haldwani: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर हल्द्वानी में कांग्रेस का जश्न, छात्रों को मिठाई खिलाकर कहा- लोकतांत्रिक संघर्ष की हुई जीत

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद हल्द्वानी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाते हुए इसे देशभर के छात्रों और युवाओं के लोकतांत्रिक संघर्ष की जीत बताया। हल्द्वानी महानगर कांग्रेस कमेटी ने विधायक सुमित हृदयेश के नेतृत्व में छात्रों और युवाओं का मुंह मीठा कराया तथा शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही तय होने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण शुरुआत करार दिया।

शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और छात्र-युवा शामिल हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की और कहा कि छात्रों की आवाज को लंबे संघर्ष के बाद आखिरकार सरकार को सुनना पड़ा।

‘यह केवल इस्तीफा नहीं, लाखों युवाओं के संघर्ष की जीत’

विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि यह किसी एक मंत्री के पद छोड़ने का मामला नहीं, बल्कि देशभर के लाखों छात्र-छात्राओं, युवाओं और आम जनमानस के लोकतांत्रिक संघर्ष की जीत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस घटनाक्रम ने साबित कर दिया है कि लोकतंत्र में जनता की आवाज को लंबे समय तक दबाया नहीं जा सकता और जनदबाव के सामने सरकार को जवाबदेह होना ही पड़ता है।

यह भी पढ़ें 👉  अमेरिका-ईरान तनाव फिर बढ़ा: तेहरान ने युद्धविराम तोड़ने का लगाया आरोप, होर्मुज जलडमरूमध्य पर दुनिया की नजर

उन्होंने कहा कि शिक्षा जैसे संवेदनशील विषय पर देशभर के छात्रों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज बुलंद की और अंततः सरकार को निर्णय लेने के लिए मजबूर होना पड़ा। यह लोकतंत्र की ताकत और जनआंदोलन की सफलता का प्रमाण है।

राहुल गांधी ने लगातार उठाए छात्रों के मुद्दे

सुमित हृदयेश ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने छात्रों और युवाओं के मुद्दों को संसद से लेकर सड़क तक लगातार उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस लगातार सरकार को घेरती रही और छात्रों के पक्ष में आवाज उठाती रही। उन्होंने कहा कि यह फैसला उसी निरंतर जनदबाव और लोकतांत्रिक संघर्ष का परिणाम है।

‘सिर्फ इस्तीफा नहीं, शिक्षा व्यवस्था में भी हो बड़े सुधार’

विधायक ने कहा कि केवल मंत्री का इस्तीफा पर्याप्त नहीं है। अब देश की शिक्षा व्यवस्था में व्यापक और स्थायी सुधार किए जाने की जरूरत है, ताकि भविष्य में किसी भी परीक्षा में अनियमितताओं की पुनरावृत्ति न हो।

यह भी पढ़ें 👉  ऑनलाइन गेमिंग के जाल में गई छात्र की जान...जहर खाने से पहले बनाया वीडियो, दोस्त पर पैसे के दबाव और मानसिक उत्पीड़न का आरोप

उन्होंने उत्तराखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी पेपर लीक प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि इसकी निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। इससे प्रदेश के युवाओं का भविष्य सुरक्षित होगा और परीक्षा प्रणाली में उनका भरोसा मजबूत होगा।

गोविंद सिंह बिष्ट बोले- कांग्रेस छात्रों के साथ खड़ी थी और रहेगी

हल्द्वानी महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि यह देश के युवाओं की एकजुटता, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनआंदोलन की शक्ति की जीत है। उन्होंने कहा कि छात्रों ने पूरी शांति और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगें रखीं, जिसके चलते सरकार को जवाबदेही स्वीकार करनी पड़ी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस शुरू से ही छात्रों और युवाओं के हितों के साथ मजबूती से खड़ी रही है और आगे भी शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं छात्र हितैषी बनाने के लिए हर लोकतांत्रिक संघर्ष में उनकी आवाज बनकर कार्य करती रहेगी।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: चारधाम यात्रा 2026...25 दिनों में 12.60 लाख श्रद्धालु पहुंचे धाम, केदारनाथ में टूटा रिकॉर्ड

मिठाई बांटकर दोहराया शिक्षा सुधार का संकल्प

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने छात्रों एवं युवाओं को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली, पारदर्शी शिक्षा व्यवस्था और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प भी दोहराया।

कार्यक्रम में हरीश मेहता, हेमंत बगड़वाल, एन.बी. गुणवंत, डॉ. केदार पलड़िया, मलय बिष्ट, बहादुर बिष्ट, सुहैल सिद्दीकी, मधु सांगूड़ी, नीमा भट्ट, साइमा सिद्दीकी, मंजू पांडे, हेम जोशी, खिम सिंह चौहान, महेंद्र कुमार, हेम पांडे, जाकिर हुसैन, मोहन बिष्ट, मुकुल बलुटिया, हेमंत शर्मा, विनोद दानी, एडवोकेट धर्मवीर, हेमंत साहू, संदीप भैसोड़ा, महेशानंद, राजू रावत, कौशलेंद्र भट्ट, किशन अनेरिया, मन्नू गोस्वामी, संजू उप्रेती, अमित रावत, सुदर्शन परमार, शंकर कोहली और पंकज बिष्ट सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं छात्र-युवा मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page