हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। हल्द्वानी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है, जो चोरी की मोटरसाइकिलों को नेपाल में बेचकर मोटा मुनाफा कमा रहे थे। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस की सक्रियता एक बार फिर सामने आई है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल और क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने इस पूरे मामले का खुलासा किया।
दरअसल, 1 मई 2026 को हल्दूचौड़ निवासी विशांत टम्टा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी बजाज पल्सर (UK04AR-5342) बाइक 29 अप्रैल को सुशीला तिवारी अस्पताल गेट के सामने से चोरी हो गई। इस पर कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो संदिग्ध एक एक्टिवा स्कूटी (UK06BB-4103) से आते दिखाई दिए। एक आरोपी ने बड़ी ही सफाई से बाइक का लॉक तोड़ा और कुछ ही मिनटों में उसे लेकर फरार हो गया। यही फुटेज पुलिस के लिए सबसे बड़ा सुराग साबित हुआ।
तकनीकी विश्लेषण और सटीक सुरागरसी के आधार पर पुलिस ने 3 मई 2026 को दो आरोपियों—दलवीर सिंह और संजय कालरा—को हल्द्वानी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटना कबूल करते हुए बताया कि पल्सर बाइक को नेपाल में बेच दिया गया है।
इतना ही नहीं, आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक और चोरी की बुलेट (UK04 AA-4778) मोटरसाइकिल भी बरामद की, जो पहले से दर्ज एक अन्य मामले से संबंधित थी। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है।
पुलिस अब इस गिरोह के नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिले हैं कि आरोपी सीमावर्ती क्षेत्रों के जरिए चोरी की गाड़ियों को नेपाल में खपाने का काम करते थे।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने साफ कहा है कि जनपद में अपराध के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

