हल्द्वानी। विजयादशमी एवं दशहरे के पावन अवसर पर सिंथिया इंटरनेशनल स्कूल, हल्द्वानी में ‘अनवया’ नाम से भव्य सांस्कृतिक समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नर्सरी से कक्षा आठ तक के विद्यार्थियों ने भगवान श्रीराम के जीवन और रामायण के प्रसंगों को जीवंत एवं मर्मस्पर्शी प्रस्तुतियों के माध्यम से मंच पर उतारा। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के जरिए यह संदेश दिया कि रामायण के आदर्श आज भी जीवन में सही मार्ग चुनने और अच्छे संस्कार अपनाने की प्रेरणा देते हैं।

कार्यक्रम में भगवान श्रीराम के जन्म से लेकर उनके अयोध्या लौटने तक की यात्रा को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और कहानी-वाचन के माध्यम से दर्शाया गया। विद्यार्थियों ने रामायण के विभिन्न प्रसंगों के जरिए मर्यादा, अनुशासन, सत्य, कर्तव्यनिष्ठा और माता-पिता एवं गुरुजनों के प्रति सम्मान जैसे मूल्यों को रेखांकित किया। साथ ही, वर्तमान समय में बच्चों की बदलती आदतों और शिक्षकों व अभिभावकों के प्रति उनके दृष्टिकोण में आ रहे बदलावों के बीच रामायण की प्रासंगिकता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
मानसी जोशी, आदित्य एवं हर्षिता ने कार्यक्रम का संचालन किया। समारोह में विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और नैतिक शिक्षा से जुड़ने का संदेश दिया।
‘श्रीराम के आदर्श अपनाएं, रावण के चरित्र से दूर रहें’
समारोह को संबोधित करते हुए सिंथिया स्कूल ऑफ लर्निंग के चेयरमैन डॉ. प्रवीन्द्र कुमार रौतेला ने कहा कि सूचना एवं तकनीक के हमेशा सकारात्मक और नकारात्मक, दोनों पहलू होते हैं। ऐसे में आवश्यक है कि हम भगवान श्रीराम के चरित्र और आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं तथा रावण के नकारात्मक स्वरूप और चरित्र से दूरी बनाए रखें। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने व्यवहार और आचरण में अच्छे संस्कारों को स्थान देने की प्रेरणा दी।
सिंथिया इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक कात्यायन रौतेला ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए उनके सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। वहीं, प्रधानाचार्य ऋचा कर्नाटक ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और भविष्य में भी अभिभावकों से इसी प्रकार सहयोग बनाए रखने की अपेक्षा जताई।
मनीषा जोशी के निर्देशन में हुआ आयोजन
कार्यक्रम का निर्देशन मनीषा जोशी ने किया। समारोह के दौरान सिंथिया स्कूल के निदेशक ओमपाल रौतेला, सुरेश पाल रौतेला, गीता रौतेला, म्यूजिक प्रभारी हरीश जोशी, भूमिका रौतेला, भास्कर कांडपाल, पंकज बिष्ट, सुरेश चन्द्र मिश्रा, बी.बी. जोशी, महेश जोशी, राजेंद्र सिंह क्वीरा, अश्विनी सारस्वत, अनिका वर्मा, स्नेहा, पुष्कर राजपूत, राजश्री पोखरिया, मुकेश अधिकारी, दीपा दरियाल सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स के साथ बड़ी संख्या में अभिभावकों और विद्यार्थियों ने भी भागीदारी की।

