उत्तराखंड: यमुनोत्री हाईवे समेत चारधाम यात्रा मार्ग बाधित, सैकड़ों वाहन फंसे

खबर शेयर करें

देहरादून/उत्तरकाशी। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश से चारधाम यात्रा मार्गों पर आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई है। यमुनोत्री हाईवे पर पालीगाड़ के पास देर रात भारी भू-धंसाव के चलते मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। इससे हाईवे के दोनों ओर सैकड़ों श्रद्धालुओं के वाहन फंसे हुए हैं। सुबह से यात्रा बाधित है और यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  चमोली हिमस्खलन: रेस्क्यू अभियान जारी, कैमरों के साथ हेलीकॉप्टर से रवाना हुई SDRF की टीम

हालात को देखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने मलबा हटाने के लिए मशीनें मौके पर भेज दी हैं। हालांकि, लगातार हो रही बारिश के कारण राहत कार्यों में दिक्कत आ रही है।

वहीं, बारिश का असर प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी देखने को मिल रहा है। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग सिरोहबगड़ के पास मलबा आने से बंद हो गया है। रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे सोनप्रयाग के समीप बाधित है, जबकि बदरीनाथ हाईवे पर पीपलकोटी के पास भनेरपानी में मलबा गिरने से रास्ता अवरुद्ध हो गया है। इन स्थानों पर भी यात्रियों को कई किलोमीटर लंबा जाम झेलना पड़ रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  अमेरिका-ईरान टकराव खतरनाक मोड़ पर, होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर ट्रंप की कड़ी चेतावनी

इधर, मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून और नैनीताल जिलों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट और बागेश्वर जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। विभाग के मुताबिक आगामी तीन जुलाई तक राज्य में मौसम ऐसा ही बना रह सकता है।

यह भी पढ़ें 👉  रुद्रप्रयाग: वाहन खाई में गिरा, महिला फार्मासिस्ट की मौत

प्रशासन ने यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं से मौसम साफ होने तक सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page