Haldwani: पुलिस की बड़ी सफलता…8 अवैध तमंचे और 10 कारतूस के साथ अंतरजनपदीय हथियार तस्कर गिरफ्तार

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। एसओजी और चोरगलिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने एक अंतरजनपदीय हथियार तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से आठ अवैध तमंचे और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक नेटवर्क, हथियारों के स्रोत और सप्लाई चेन की गहन जांच में जुट गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जनपदभर में अपराधियों और अवैध हथियारों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल, सीओ लालकुआं अमित सैनी के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष चोरगलिया तारा सिंह राणा के नेतृत्व में एसओजी और थाना पुलिस की संयुक्त टीम 27 जून को चोरगलिया क्षेत्र के एमवीआर गेट पर चेकिंग अभियान चला रही थी।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: इस साल प्रदेश में नहीं बढ़ेंगे बिजली के दाम, उपभोक्ताओं को मिलेगी छूट

इसी दौरान मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने गलफार गेट की ओर जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर एक संदिग्ध युवक को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके बैग से बड़ी संख्या में अवैध हथियार और जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रियासत पुत्र रईस अहमद (30 वर्ष) निवासी ग्राम नकुलिया, थाना सितारगंज, जिला ऊधमसिंह नगर के रूप में हुई है। उसके कब्जे से दो 12 बोर के देशी तमंचे और छह जिंदा कारतूस, जबकि छह 315 बोर के देशी तमंचे और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

यह भी पढ़ें 👉  चट्टान दरकने से नैनीताल-भवाली मार्ग बंद, मस्जिद तिराहे पर रोके गए वाहन

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना चोरगलिया में एफआईआर संख्या 30/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 में मुकदमा दर्ज किया है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी हथियार कहां से लाया था, इन्हें किसे सप्लाई किया जाना था और इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  “हम अपहृत नहीं, मौज पर हैं!”... वायरल वीडियो ने बदल दिया नैनीताल जिला पंचायत चुनाव का रंग...Video

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक निधि शर्मा, एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक मोहन सिंह सौन, हेड कांस्टेबल कुंदन सिंह कठायत, हेड कांस्टेबल त्रिलोक सिंह, कांस्टेबल भूपेंद्र ज्येष्ठा, कांस्टेबल भारत भूषण और कांस्टेबल शैलेन्द्र सिंह शामिल रहे।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने टीम के उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए 2,500 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है। पुलिस का कहना है कि जनपद में अवैध हथियारों की तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page