ईरान पर फिर बरसे अमेरिकी हमले…ट्रंप की खुली चेतावनी – ‘हमले हुए तो 20 गुना जवाब देंगे’

खबर शेयर करें

वॉशिंगटन/तेहरान। पश्चिम एशिया में एक बार फिर तनाव चरम पर पहुंच गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि उसने व्यापारिक जहाजों पर हमले जारी रखे तो अमेरिका और अधिक आक्रामक सैन्य कार्रवाई करेगा। ट्रंप ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “हर बार जब वे हम पर हमला करेंगे, हम उन पर 20 गुना जवाब देंगे।”

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि हालिया अमेरिकी सैन्य कार्रवाई ईरान द्वारा व्यापारिक जहाजों पर किए गए हमलों का जवाब है। उन्होंने चाबहार में अमेरिकी हमलों के बाद की एक तस्वीर भी साझा की और चेतावनी दी कि यदि ईरान ने अपनी गतिविधियां नहीं रोकीं तो उसके गंभीर परिणाम होंगे।

यह भी पढ़ें 👉  ICICI बैंक के रिकवरी एजेंट की जिंदा जलाकर हत्या की आशंका, जली कार के अंदर बोरे में मिला शव

युद्धविराम खत्म होने का किया ऐलान

नाटो शिखर सम्मेलन से लौटते समय एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम अब समाप्त हो चुका है। उनके अनुसार, होर्मुज जलडमरूमध्य में कई व्यापारिक जहाजों पर हुए हमलों के बाद अमेरिका ने जवाबी कार्रवाई की है। हालांकि उन्होंने यह भी दावा किया कि ईरान ने समझौते के लिए अमेरिका से संपर्क किया है, लेकिन यह भी सवाल उठाया कि क्या मौजूदा परिस्थितियों में ईरान समझौते के योग्य है।

CENTCOM ने अतिरिक्त हमलों की पुष्टि की

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि अमेरिकी सेना ने ईरान के खिलाफ अतिरिक्त सैन्य अभियान शुरू कर दिया है। सेना के अनुसार इन हमलों का उद्देश्य होर्मुज जलडमरूमध्य में नौवहन की स्वतंत्रता को खतरा पहुंचाने की ईरान की क्षमता को कमजोर करना है। अमेरिका ने कहा कि व्यापारिक जहाजों और नागरिक कर्मचारियों पर हुए हमलों के लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  सड़क नहीं तो स्वागत नहीं...विधायक को झेलना पड़ा ग्रामीणों का विरोध, गो बैक के लगाए नारे-वीडियो वायरल

80 से अधिक ठिकानों पर पहले भी हुई थी कार्रवाई

इससे पहले 7 जुलाई को अमेरिकी सेना ने ईरान के 80 से अधिक सैन्य ठिकानों पर सटीक हथियारों से हमला किया था। इन हमलों में ईरान के हवाई रक्षा तंत्र, कमांड एवं कंट्रोल नेटवर्क, तटीय रडार स्टेशन, मिसाइल ठिकानों और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की 60 से अधिक तेज रफ्तार नौकाओं को निशाना बनाया गया था।

यह भी पढ़ें 👉  ईरान-इजरायल टकराव चरम पर, 100 से अधिक ड्रोन हमले के साथ ईरान का जवाबी वार

अमेरिका का आरोप है कि ईरान ने मार्शल आइलैंड्स के एम/टी अल रेकैयात, सऊदी अरब के एम/टी वेद्यान और लाइबेरिया के एम/टी साइप्रस प्रॉस्पेरिटी नामक तीन व्यापारिक जहाजों पर हमला किया, जिसे उसने युद्धविराम का सीधा उल्लंघन बताया है।

चाबहार समेत कई इलाकों में धमाकों की खबर

अमेरिकी हमलों के बाद ईरान के दक्षिणी बंदरगाह शहर चाबहार में बिजली आपूर्ति बाधित होने की खबर है। ईरानी सरकारी समाचार एजेंसी IRNA के अनुसार, चाबहार और समीपवर्ती तटीय शहर कोनारक में करीब 10 धमाकों की आवाजें सुनी गईं। इसके अलावा बुशहर शहर, जहां ईरान का परमाणु ऊर्जा संयंत्र स्थित है, अबू मूसा द्वीप और सीरिक क्षेत्र के पास भी विस्फोटों की सूचनाएं सामने आई हैं।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page