Nainital: जनपद में भारी बारिश का अलर्ट…10 जुलाई को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद, डीएम ने जारी किए आदेश

खबर शेयर करें

हल्द्वानी/नैनीताल। मौसम विभाग द्वारा नैनीताल जिले के लिए जारी ‘टेक एक्शन’ (Warning) अलर्ट के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। लगातार हो रही बारिश और 10 जुलाई को बहुत भारी से अत्यंत भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जनपद के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 10 जुलाई (शुक्रवार) को एक दिवसीय अवकाश घोषित कर दिया है।

जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), देहरादून ने 9 जुलाई को सुबह 10 बजे जारी पूर्वानुमान में नैनीताल जिले के लिए अत्यधिक वर्षा, आकाशीय बिजली गिरने तथा तेज से अत्यंत तेज बारिश के दौर की संभावना जताई है। वर्तमान में जिले के पर्वतीय और मैदानी दोनों क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है, जिससे नदियों, गधेरों और बरसाती नालों का जलस्तर बढ़ने के साथ ही भूस्खलन की आशंका भी बढ़ गई है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: सर्द हवाओं ने बढ़ाई कंपकंपी, आज प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने के आसार

प्रशासन का कहना है कि मौसम की गंभीर परिस्थितियों को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी कारण कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को शुक्रवार को बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

भूस्खलन और जलभराव का खतरा, प्रशासन हाई अलर्ट पर

जिला प्रशासन ने बताया कि लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़कें बंद होने की आशंका बनी हुई है। वहीं मैदानी क्षेत्रों में जलभराव और नदी-नालों के उफान पर आने का खतरा भी बढ़ गया है। ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए सभी संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

यह भी पढ़ें 👉  Haldwani: निजी स्कूलों पर प्रशासन का शिकंजा...12 और स्कूलों को नोटिस, अब तक 50 संस्थान कार्रवाई के दायरे में

मुख्य शिक्षाधिकारी नैनीताल और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि आदेश का सभी शिक्षण संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराया जाए। आदेश की अवहेलना करने वाले संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

लोगों से सावधानी बरतने की अपील

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों और अभिभावकों से अपील की है कि मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लें। अनावश्यक यात्रा से बचें, विशेषकर पहाड़ी मार्गों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में जाने से परहेज करें। तेज बहाव वाले नदी-नालों और गधेरों के आसपास न जाएं तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

यह भी पढ़ें 👉  Haldwani: 20 साल पुरानी पेयजल समस्या के समाधान की राह खुली, RTI एक्टिविस्ट हेमंत गौनिया की पहल रंग लाई

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे जिले के लिए बेहद संवेदनशील हो सकते हैं। ऐसे में प्रशासन ने सभी राहत एवं बचाव एजेंसियों को भी अलर्ट मोड पर रखा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page