युवक का खूनी तांडव…मां-नाना-नानी और मासूम बहन को लाठियों से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट

खबर शेयर करें

अनूपपुर। जिले के ग्राम अमोदा बिजौरा में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। सनी धाम के पास एक युवक ने कथित तौर पर लाठी-डंडों से अपने ही परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। हमले में उसकी मां, नाना और नानी समेत चार लोगों की मौत की सूचना है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

विवाद के बाद ग्रामीणों ने युवक को बांधा

जानकारी के मुताबिक, ग्राम मरदरी, थाना नौरोजाबाद निवासी प्रेम सिंह करीब एक सप्ताह पहले अपनी मां अनुपिया बाई के साथ अमोदा बिजौरा स्थित अपने नाना-नानी के घर आया था।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार को किसी बात को लेकर उसका सनी धाम के पंडा गंगा सिंह से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद प्रेम सिंह ने गंगा सिंह के साथ मारपीट कर दी।

यह भी पढ़ें 👉  राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 20 होनहार बच्चों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से किया सम्मानित

घटना के बाद ग्रामीणों ने युवक को पकड़ लिया और उसके नाना-नानी के घर ले जाकर रस्सी से बांध दिया। बताया जा रहा है कि बेटे को बंधा देखकर उसकी मां अनुपिया बाई ने उसे खोल दिया।

रस्सी खुलते ही परिवार पर टूट पड़ा

आरोप है कि रस्सी से मुक्त होने के बाद प्रेम सिंह ने अपनी ही मां पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसके बाद उसने अपने नाना संपत और नानी भन्नी को भी निशाना बनाया। हमले में तीनों की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने अपने मामा चैन सिंह समेत परिवार के अन्य सदस्यों पर भी हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: सीएम धामी ने आवासीय परिसर में फहराया तिरंगा, संविधान की उद्देशिका की शपथ दिलाई

पांच वर्षीय बच्चे ने भी तोड़ा दम

हमले में करीब पांच वर्षीय मुनका सिंह, भारती सिंह और चंचल समेत कई लोग घायल हुए। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए शहडोल मेडिकल कॉलेज भेजा गया। इलाज के दौरान मुनका सिंह की मौत हो गई।

इसी घटनाक्रम में सनी धाम के पंडा गंगा सिंह भी घायल हुए हैं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

मौके पर पहुंची दोनों जिलों की पुलिस

वारदात की सूचना मिलते ही अनूपपुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंच गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए उमरिया और अनूपपुर दोनों जिलों की पुलिस मौके पर मौजूद रही। आसपास के क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: CBI की बड़ी कार्रवाई...वरिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी 5 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपी प्रेम सिंह को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस टीम घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही वारदात के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।

मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने और घायलों के बयान दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page