हैड़ाखान में मानसखंड तो कुसुमखेड़ा में दिखेगी नारी शक्ति की थीम, डीके पार्क में बनेगा ओपन जिम, रुद्रपुर में स्टेडियम और सितारगंज में पार्किंग कॉम्प्लेक्स पर भी फोकस
हल्द्वानी/ऊधमसिंह नगर। शहरों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने और उनके स्वरूप को बेहतर बनाने की कवायद तेज हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के बाद आवास एवं राज्य संपत्ति सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने हल्द्वानी से लेकर ऊधमसिंह नगर तक कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता न हो और परियोजनाएं तय समयसीमा में पूरी की जाएं।
हैड़ाखान-कुसुमखेड़ा चौराहों पर दिखेगी उत्तराखंड की पहचान
हल्द्वानी के प्रमुख चौराहों को नई पहचान देने की तैयारी है। हैड़ाखान चौराहे पर मानसखंड थीम आधारित रोटरी विकसित की जाएगी, जबकि कुसुमखेड़ा चौराहे पर नारी शक्ति थीम आधारित रोटरी प्रस्तावित है।
इन परियोजनाओं का उद्देश्य केवल चौराहों का सौंदर्यीकरण ही नहीं, बल्कि उत्तराखंड की संस्कृति और महिला शक्ति की झलक को शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर प्रदर्शित करना भी है।
डीके पार्क में ओपन जिम, सड़क के बीच हरियाली
रामलीला ग्राउंड के पास स्थित डीके पार्क के कायाकल्प की भी तैयारी है। पार्क में लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं देने के लिए ओपन जिम लगाया जाएगा। वहीं नरीमन क्षेत्र से करीब 200 मीटर मार्ग के रोड मीडियन में वृक्षारोपण और हरितीकरण किया जाएगा। इन कार्यों के अनुमान तैयार हो चुके हैं और टेंडर प्रक्रिया की तैयारी चल रही है। प्रस्तावित कार्यों के लिए इसी महीने टेंडर आमंत्रित किए जाने हैं।
हाईकोर्ट के लिए प्रस्तावित जमीन का भी निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान हाईकोर्ट के लिए प्रस्तावित भूमि का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने सचिव को स्थल और उससे संबंधित जानकारी दी। सचिव ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ आगे की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
रुद्रपुर में बनेगा इंडोर-आउटडोर स्टेडियम
ऊधमसिंह नगर में भी विकास परियोजनाओं की रफ्तार बढ़ाने पर जोर दिया गया। रुद्रपुर में मोदी मैदान के समीप प्रस्तावित इंडोर और आउटडोर स्टेडियम की कार्ययोजना और ले-आउट का निरीक्षण किया गया। सचिव ने पूर्व में दिए गए सुझावों और जरूरी संशोधनों को शामिल करते हुए निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए।
किच्छा का आधुनिक बस अड्डा बना आकर्षण
किच्छा के ग्राम खुर्पिया फार्म में 3.50 एकड़ भूमि पर 12.48 करोड़ रुपये की लागत से तैयार आधुनिक बस अड्डे का भी निरीक्षण किया गया। निर्माण पूरा होने के बाद इसे 15 अप्रैल 2026 को उत्तराखंड परिवहन विभाग को हस्तांतरित किया जा चुका है।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने बस अड्डे के निर्माण की गुणवत्ता की सराहना की। उन्होंने कहा कि एम्स सैटेलाइट सेंटर और पंतनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के नजदीक होने के कारण यह बस अड्डा क्षेत्रीय परिवहन के लिहाज से अहम साबित होगा।
सितारगंज में पार्किंग के साथ दुकानें और ओपन जिम
सितारगंज के मुख्य बाजार में 3.51 एकड़ जमीन पर 9.75 करोड़ रुपये की लागत से पार्क एवं पार्किंग कॉम्प्लेक्स विकसित किया जा रहा है। इस परियोजना में 48 वाहनों की पार्किंग के साथ 12 आधुनिक दुकानें, प्रसाधन सुविधाएं, ओपन जिम, बच्चों के लिए प्ले एरिया और लैंडस्केपिंग शामिल है। सचिव ने बचे हुए फिनिशिंग कार्यों को गुणवत्ता मानकों के अनुरूप समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
‘जनता को सीधे मिले विकास का लाभ’
आवास एवं राज्य संपत्ति सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप विकास योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि शहरों में सौंदर्यीकरण, हरितीकरण, पार्क, रोटरी और जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को तेजी से धरातल पर उतारा जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर परियोजना की गुणवत्ता और समयसीमा की लगातार निगरानी की जाए, ताकि योजनाएं सिर्फ कागजों तक सीमित न रहें और आम लोगों को समय पर उनका लाभ मिल सके।

