नई दिल्ली/इस्लामाबाद। नेपाली मूल के विश्वप्रसिद्ध पर्वतारोही निर्मल ‘निम्सदाई’ पुर्जा का पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) क्षेत्र में स्थित दुनिया की 12वीं सबसे ऊंची चोटी ब्रॉड पीक पर आए भीषण हिमस्खलन (एवलांच) में निधन हो गया। उनकी एडवेंचर कंपनी एलीट एक्सपेड ने इंस्टाग्राम पर आधिकारिक बयान जारी कर इस दुखद खबर की पुष्टि की। इस हादसे में उनके साथ अभियान पर गए पांच अन्य पर्वतारोही भी जान गंवा बैठे। पर्वतारोहण जगत ने इसे हाल के वर्षों की सबसे बड़ी त्रासदियों में से एक बताया है।
कंपनी ने अपने बयान में कहा, “भारी मन के साथ हम पुष्टि करते हैं कि ब्रॉड पीक पर आए एवलांच के बाद निर्मल ‘निम्सदाई’ पुर्जा का दुखद निधन हो गया है। हमें यह भी जानकारी मिली है कि अभियान के अन्य सदस्य भी जीवित नहीं बच सके।”
बर्फीले तूफान के बाद लापता हुए थे छह पर्वतारोही
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को ब्रॉड पीक के स्टैंडर्ड वेस्ट रिज रूट पर लगभग 21,600 से 21,850 फीट की ऊंचाई पर अचानक हिमस्खलन आ गया। इसके बाद निर्मल पुर्जा और उनके साथ मौजूद पांच अन्य पर्वतारोही लापता हो गए थे। लगातार राहत एवं खोज अभियान चलाया गया, लेकिन अंततः सभी के निधन की पुष्टि हो गई।
कंपनी ने बताया कि इस हादसे में निर्मल पुर्जा के भरोसेमंद क्लाइंबिंग पार्टनर और गाइड पुर बहादुर गुरुंग (युक्ता) तथा निमा शेरपा सहित अन्य सदस्यों की भी मौत हो गई। एलीट एक्सपेड ने सभी दिवंगत पर्वतारोहियों को श्रद्धांजलि देते हुए उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
दुनिया के सबसे प्रेरणादायक पर्वतारोहियों में थे ‘निम्सदाई’
निर्मल पुर्जा आधुनिक पर्वतारोहण की दुनिया का बड़ा नाम थे। ब्रिटेन की ब्रिगेड ऑफ गोरखा और रॉयल मरीन स्पेशल बोट सर्विस (SBS) में सेवा देने के बाद उन्होंने पूर्णकालिक पर्वतारोहण को अपना करियर बनाया और कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल कीं।
उन्होंने वर्ष 2019 में अपने चर्चित ‘प्रोजेक्ट पॉसिबल’ अभियान के तहत महज 6 महीने और 6 दिनों में दुनिया की 8,000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाली सभी 14 चोटियों पर सफलतापूर्वक चढ़ाई कर विश्व रिकॉर्ड बनाया। यह उपलब्धि पर्वतारोहण इतिहास की सबसे असाधारण उपलब्धियों में गिनी जाती है।
इसके बाद वर्ष 2021 में वह उन 10 नेपाली पर्वतारोहियों की टीम का हिस्सा बने, जिसने पहली बार सर्दियों के मौसम में दुनिया की सबसे कठिन चोटियों में शामिल K2 पर सफल आरोहण कर इतिहास रचा।
नेटफ्लिक्स डॉक्यूमेंट्री से मिली वैश्विक पहचान
निर्मल पुर्जा को वैश्विक पहचान नेटफ्लिक्स की चर्चित डॉक्यूमेंट्री “14 Peaks: Nothing Is Impossible” से मिली। इस डॉक्यूमेंट्री में उनके अद्भुत साहस, नेतृत्व और असंभव को संभव बनाने की कहानी को दुनिया भर में सराहा गया। इसके बाद वे लाखों युवाओं और पर्वतारोहियों के लिए प्रेरणा बन गए।
ब्रॉड पीक: दुनिया की 12वीं सबसे ऊंची चोटी
ब्रॉड पीक काराकोरम पर्वत श्रृंखला में स्थित दुनिया की 12वीं सबसे ऊंची चोटी है। यह गिलगित-बाल्टिस्तान (पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर क्षेत्र) और चीन के शिनजियांग की सीमा पर स्थित है तथा विश्व की दूसरी सबसे ऊंची चोटी K2 के बेहद करीब है। अत्यधिक ऊंचाई, कठिन मौसम और हिमस्खलन के खतरे के कारण इसे दुनिया की सबसे चुनौतीपूर्ण चोटियों में गिना जाता है।
दुनिया ने खोया एक प्रेरणादायक पर्वतारोही
एलीट एक्सपेड ने श्रद्धांजलि संदेश में कहा कि दुनिया ने पर्वतारोहण इतिहास के सबसे महान पर्वतारोहियों में से एक को खो दिया है। कंपनी के अनुसार, निर्मल पुर्जा की सबसे बड़ी विरासत केवल उनके रिकॉर्ड नहीं, बल्कि वह आत्मविश्वास है जो उन्होंने लाखों लोगों में जगाया कि “यदि सपने बड़े हों, संकल्प मजबूत हो और सीमाओं को स्वीकार न किया जाए, तो असंभव भी संभव हो सकता है।”

