देहरादून। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल की इमरजेंसी में शुक्रवार तड़के चापड़ लेकर पहुंचे युवकों ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि युवकों ने डॉक्टरों को जान से मारने की धमकी दी और गाली-गलौज करते हुए कर्मचारियों के साथ अभद्रता की। सुबह करीब 4:50 बजे हुई इस घटना से इमरजेंसी में अफरा-तफरी मच गई। डॉक्टरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, लेकिन आरोप है कि पुलिस करीब 45 मिनट बाद मौके पर पहुंची। घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, अस्पताल के बाहर दो गुटों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद एक पक्ष के व्यक्ति को निशाना बनाने के इरादे से दूसरे पक्ष के लोग अस्पताल पहुंच गए। इसी दौरान स्कूटी से आया एक युवक दोनों हाथों में चापड़ लेकर इमरजेंसी में घुस गया। आरोप है कि वह चापड़ों को आपस में घिसते हुए डॉक्टरों के बारे में पूछने लगा और धमकी देते हुए कहा कि आज कोई नहीं बचेगा।
वीडियो बनाने वाले को भी धमकाया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हंगामे के दौरान युवक ने वीडियो बना रहे व्यक्ति को भी काटकर वहीं रख देने की धमकी दी। गाली-गलौज और अभद्रता के चलते इमरजेंसी में मौजूद डॉक्टरों, कर्मचारियों और अन्य लोगों में भय का माहौल बन गया। अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर हथियार लेकर पहुंचने की घटना ने सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस चौकी में चार जवान तैनात करने की मांग
डॉक्टरों का कहना है कि अस्पताल प्रशासन पहले ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को पत्र भेजकर अस्पताल परिसर में स्थित पुलिस चौकी में चार पुलिसकर्मियों की तैनाती का अनुरोध कर चुका है। इसके बावजूद अब तक इस संबंध में कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया है।
घटना की सूचना मिलने पर उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनम्र मित्तल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की बात कही। घटना के बाद अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और इमरजेंसी में डॉक्टरों व कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठने लगी है।

