लगातार बारिश और तेज हवाओं से लुढ़का तापमान, देहरादून, नैनीताल और पिथौरागढ़ में भारी बारिश का येलो अलर्ट
देहरादून। उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित सिखों के प्रसिद्ध तीर्थस्थल हेमकुंड साहिब में सीजन की तीसरी बर्फबारी हुई है। देर रात अचानक मौसम का मिजाज बदलने के बाद यहां बर्फ की सफेद चादर बिछ गई। बर्फबारी के साथ ही क्षेत्र में ठंड बढ़ गई है। खास बात यह है कि हेमकुंड साहिब के कपाट शनिवार को बंद होने हैं। ऐसे में यात्रा सीजन के अंतिम दौर में हुई बर्फबारी ने सर्दी का अहसास और बढ़ा दिया है।
हेमकुंड साहिब में हर साल देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मत्था टेकने पहुंचते हैं। उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित होने के कारण यहां मौसम तेजी से बदलता है। इस सीजन में अब तक तीन बार बर्फबारी हो चुकी है। देर रात हुई ताजा बर्फबारी से तापमान में गिरावट के साथ क्षेत्र में ठंड का असर बढ़ गया है। कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की तीर्थयात्रा का समापन हो जाएगा।
बारिश और आंधी से बदला मौसम
प्रदेश में पिछले दो दिनों तक हुई बारिश और आंधी-तूफान का असर तापमान पर भी पड़ा है। बृहस्पतिवार को भले ही मौसम शुष्क रहा, लेकिन तापमान में गिरावट के चलते पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई। वहीं, मैदानी इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, शुक्रवार को भी प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश होने की संभावना है। देहरादून, नैनीताल और पिथौरागढ़ के कुछ हिस्सों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।
देहरादून में सामान्य से दो डिग्री गिरा पारा
बृहस्पतिवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 18.6 डिग्री सेल्सियस रहा। पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम के बदलाव का असर अधिक देखने को मिला और तापमान गिरने से ठंड बढ़ गई।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 14 अक्टूबर तक प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी तरह बदलता रह सकता है। पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और तापमान में गिरावट के चलते ठंड बढ़ने की संभावना है। ऐसे में ऊंचाई वाले इलाकों की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी जाती है।

