Haldwani: नगर निगम बोर्ड की बैठक में 15 अहम प्रस्ताव पारित, किराया वृद्धि से लेकर डिजिटल यूजर चार्ज व्यवस्था को मिली मंजूरी

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम की बोर्ड बैठक गुरुवार को महापौर गजराज सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में नगर विकास, स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं और डिजिटल सेवाओं से जुड़े 15 महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। इस दौरान उत्तराखंड सरकार द्वारा मनोनीत आठ पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ भी दिलाई गई।

बैठक की शुरुआत में महापौर ने नवनियुक्त पार्षदों का स्वागत करते हुए उन्हें जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इसके बाद नगर निगम ने डोर-टू-डोर यूजर चार्ज संग्रहण के लिए मोबाइल ऐप का शुभारंभ किया। अधिकारियों के अनुसार, इससे यूजर चार्ज संग्रहण अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक होगा।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: सेवामुक्त अग्निवीरों को मिलेगा 10% क्षैतिज आरक्षण, धामी सरकार ने जारी की नियमावली

बैठक में नगर निगम की स्वामित्व वाली किरायेदारी दुकानों के किराये में 50 प्रतिशत वृद्धि के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। साथ ही 31 अक्टूबर 2026 तक किराया जमा कराने वालों को निर्धारित छूट देने का भी निर्णय लिया गया।

नगर निगम क्षेत्र में बिजली व्यवस्था मजबूत करने के लिए 200 विद्युत पोल एवं तार लगाने, सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए नए वाहन, ट्रैक्टर और टैंकर खरीदने तथा निगम कार्यालय के मुख्य भवन का विस्तार कर सिंगल विंडो व्यवस्था विकसित करने के प्रस्ताव भी पारित किए गए। इसके अलावा सुभाष नगर स्थित निगम भवन में क्षेत्रीय कार्यालय खोलने, महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित करने के लिए भूमि चयन, गंगापुर कबड़वाल गोशाला में बायोगैस प्लांट और इंसिनरेटर लगाने सहित कई विकास योजनाओं को मंजूरी मिली।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: पर्वतीय जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट, 27 मई तक मौसम रहेगा खराब

बोर्ड ने स्वच्छ ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (एसडब्ल्यूएम) नियम-2026 के तहत उपविधियां बनाने, ट्यूबवेल निर्माण के लिए धनराशि उपलब्ध कराने और संचालित आरोग्य मंदिर के अनुबंध पर विचार करने के प्रस्ताव भी स्वीकृत किए।

बैठक में पार्षदों द्वारा रखे गए जनहित प्रस्तावों में सार्वजनिक स्थानों पर वाटर कूलर लगाने, सड़क निर्माण के साथ नालियों का निर्माण अनिवार्य करने तथा आवासीय क्षेत्रों में संचालित कबाड़ की दुकानों को हटाने और भविष्य में ऐसी दुकानों के संचालन पर रोक लगाने के प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किए गए। साथ ही पूर्व में कराए गए विकास कार्यों को कार्योत्तर स्वीकृति भी प्रदान की गई।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: …तो एक एसआईबी अधिकारी के संरक्षण में चल रहा है टैक्स चोरी का सिंडिकेट

महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि नगर निगम का प्रत्येक निर्णय जनता की सुविधा, पारदर्शिता और शहर के समग्र विकास को ध्यान में रखकर लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बोर्ड द्वारा पारित सभी प्रस्तावों को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारना प्राथमिकता होगी, ताकि हल्द्वानी-काठगोदाम को प्रदेश के सबसे स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आधुनिक शहरों में शामिल किया जा सके।

बैठक में नगर आयुक्त परितोष वर्मा, वित्त अधिकारी स्मिता जोशी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. टोलिया, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी तथा सभी पार्षद मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page