Uttarakhand: प्रेम संबंध के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या, दोस्त गंभीर घायल, आरोपी हिरासत में

खबर शेयर करें

टिहरी गढ़वाल। प्रतापनगर क्षेत्र में एक युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक किशोरी से मिलने उसके घर पहुंचे युवक और उसके दोस्त को घरवालों ने कमरे में बंद कर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। इस हमले में युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने अस्पताल में हंगामा करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

मामला प्रतापनगर ब्लॉक की ओण पट्टी के देवल गांव का है। मृतक के पिता धनपाल लाल के अनुसार उनके 18 वर्षीय पुत्र केतन लाल ने गंभीर हालत में अस्पताल ले जाते समय बताया था कि सात जून की रात उसे एक किशोरी का फोन आया था, जिसने उसे खोलगढ़ स्थित अपने घर बुलाया था। केतन अपने मित्र दिवाकर डिमरी के साथ वहां पहुंचा।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: दर्दनाक सड़क हादसा...ट्रक से टकराई कार, महिला की मौत, 7 घायल

आरोप है कि घर पहुंचते ही किशोरी के परिजनों ने दोनों युवकों को एक कमरे में बंद कर दिया और लाठी-डंडों से उनकी पिटाई शुरू कर दी। मारपीट इतनी गंभीर थी कि दोनों युवक लहूलुहान हो गए। बाद में किशोरी के पिता ने फोन कर केतन के परिजनों को अपने बेटे को वहां से ले जाने के लिए बुलाया।

परिजन जब मौके पर पहुंचे तो केतन गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उसे तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौंड ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़ें 👉  रुद्रपुर की 3.60 हेक्टेयर नजूल भूमि पर बड़ा एक्शन, डीएम नैनीताल ने पट्टे और भूमिधरी अधिकार किए निरस्त

वहीं घायल दिवाकर डिमरी को उपचार के लिए जिला अस्पताल बौराड़ी में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल सामान्य बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन अस्पताल पहुंच गए। युवक की मौत से नाराज लोगों ने अस्पताल परिसर में हंगामा करते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। लोगों का कहना था कि जब तक आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं होगी, तब तक शव नहीं उठाया जाएगा।

स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि अनुसूचित जाति समुदाय से संबंध रखने वाले केतन की सामान्य वर्ग की किशोरी से करीब छह माह से दोस्ती थी। इसी बात को लेकर विवाद होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है और किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले तथ्यों को जुटाया जा रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  सुनीता विलियम्स की वापसी फिर टली, स्पेसएक्स के क्रू-10 मिशन की लॉन्चिंग स्थगित

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हत्या और एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। नामजद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

एसएसपी टिहरी श्वेता चौबे ने बताया कि युवक की मौत के मामले में एससी-एसटी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। मामले की जांच सीओ टिहरी को सौंपी गई है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page