अल्मोड़ा में हाईवोल्टेज ड्रामा, सुबह पेड़ पर चढ़ी, दोपहर में कलेक्ट्रेट पहुंचकर मचाया हंगामा; युवक गिरफ्तार
अल्मोड़ा। प्रेमी के अपनी पहली पत्नी और बच्चों के पास लौटने से नाराज एक महिला ने मंगलवार को अल्मोड़ा में जमकर हंगामा किया। सुबह एसएसबी कार्यालय के पास पेड़ पर चढ़कर आत्महत्या करने की धमकी देने वाली महिला दोपहर में कलेक्ट्रेट स्थित एसडीएम कोर्ट पहुंच गई। यहां भी उसने हंगामा करते हुए आत्महत्या की चेतावनी दी। घटना से कलेक्ट्रेट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने महिला को समझाने के बाद हिरासत में लेकर वन स्टॉप सेंटर भेज दिया। वहीं, युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
गुरुग्राम में साथ रह रहे थे दोनों, फिर गांव लौट आया युवक
पुलिस के अनुसार, महिला का पहले से एक बच्चा है, जबकि युवक के दो बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि दोनों अपने-अपने जीवनसाथी से अलग होकर साथ रहने लगे थे और गुरुग्राम में रह रहे थे।
कुछ दिन पहले युवक अल्मोड़ा के लमगड़ा क्षेत्र स्थित अपने गांव लौट आया। इसके बाद वह अपनी पहली पत्नी और बच्चों के साथ रहने लगा। युवक के इस फैसले से महिला नाराज हो गई। इसी बात को लेकर मंगलवार को उसने विरोध जताते हुए हंगामा किया।
सुबह पेड़ पर चढ़कर दी आत्महत्या की धमकी
मंगलवार सुबह महिला एसएसबी कार्यालय के पास एक पेड़ पर चढ़ गई और आत्महत्या करने की चेतावनी देने लगी। सूचना मिलते ही महिला पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचीं और काफी समझाने के बाद उसे पेड़ से नीचे उतारा।
इसके बाद महिला और युवक की काउंसलिंग भी कराई गई, ताकि विवाद को शांत कराया जा सके। हालांकि, कुछ समय बाद महिला फिर कलेक्ट्रेट पहुंच गई।
एसडीएम कोर्ट में हंगामे से मची अफरा-तफरी
दोपहर में महिला ने एसडीएम कोर्ट परिसर में हंगामा शुरू कर दिया और आत्महत्या करने की धमकी देने लगी। अचानक हुए घटनाक्रम से कलेक्ट्रेट में मौजूद लोगों के बीच हलचल मच गई। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने महिला को हिरासत में लिया और उसे वन स्टॉप सेंटर भेज दिया। पुलिस की ओर से महिला की स्थिति को संभालने और मामले में आवश्यक कार्रवाई की गई।
युवक गिरफ्तार, न्यायालय में किया पेश
प्रभारी महिला थाना जानकी भंडारी ने बताया कि महिला को वन स्टॉप सेंटर भेजा गया है। वहीं, युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है।

