Uttarakhand: राष्ट्रपति भवन के ‘एट होम रिसेप्शन’ में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगी अल्मोड़ा की गर्विता भाकुनी, देशभर से चुने गए सिर्फ पांच युवा आपदा मित्र कैडेट

खबर शेयर करें

देहरादून: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित ‘एट होम रिसेप्शन’ के लिए उत्तराखंड की गर्विता भाकुनी का चयन हुआ है। अल्मोड़ा के लोअर मॉल रोड की निवासी गर्विता इस समारोह में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगी। खास बात यह है कि देशभर से केवल पांच युवा आपदा मित्र कैडेट्स का चयन किया गया है, जिनमें गर्विता भी शामिल हैं।

गर्विता भाकुनी राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की युवा आपदा मित्र कैडेट हैं। उत्तराखंड के अलावा कर्नाटक, मध्य प्रदेश, मिजोरम और नागालैंड से भी एक-एक युवा आपदा मित्र कैडेट का चयन इस विशेष समारोह के लिए किया गया है।

मुख्यमंत्री ने दी बधाई

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गर्विता भाकुनी को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान उत्तराखंड के युवाओं की सेवा भावना, अनुशासन और आपदा प्रबंधन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि किसी भी आपदा की स्थिति में स्थानीय समुदाय सबसे पहला प्रतिक्रियादाता होता है और यदि युवा प्रशिक्षित हों तो राहत एवं बचाव कार्य अधिक प्रभावी, त्वरित और सुरक्षित ढंग से किए जा सकते हैं।

यह भी पढ़ें 👉  संजय पांडे के प्रयासों से जिला आयुर्वेदिक चिकित्सालय अल्मोड़ा में बढ़ी सुविधाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को आपदा प्रबंधन तंत्र से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, ताकि वे संकट की घड़ी में समाज की सहायता करने के साथ-साथ आपदा जोखिम को कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तराखंड जैसे आपदा संवेदनशील राज्य में प्रशिक्षित स्वयंसेवकों का मजबूत नेटवर्क भविष्य की चुनौतियों से निपटने में बेहद उपयोगी साबित होगा।

यह भी पढ़ें 👉  रामनवमी पर अद्भुत दृश्य: सूर्य की किरणों से हुआ रामलला का ‘सूर्य तिलक’, 4 मिनट तक आलोकित रहा ललाट

4,310 युवाओं को दिया जा रहा प्रशिक्षण

आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग के सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के सहयोग से संचालित युवा आपदा मित्र योजना के तहत उत्तराखंड में 4,310 युवाओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इस योजना में एनसीसी, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), मेरा युवा भारत (एमवाईबी) तथा भारत स्काउट एवं गाइड के स्वयंसेवक शामिल हैं। अब तक लगभग 2,700 युवाओं को आपदा प्रबंधन, खोज एवं बचाव, प्राथमिक उपचार, निकासी, आपातकालीन प्रतिक्रिया, सामुदायिक जागरूकता और आपदा जोखिम न्यूनीकरण का प्रशिक्षण दिया जा चुका है।

सचिव ने कहा कि योजना का उद्देश्य ऐसा सक्षम स्वयंसेवी नेटवर्क तैयार करना है, जो आपदा से पहले जागरूकता फैलाने, आपदा के दौरान प्रशासन के साथ राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करने तथा आपदा के बाद पुनर्वास में सक्रिय भूमिका निभा सके।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: होटल में महिला के साथ मिला युवक, पति ने रंगे हाथ पकड़कर किया हंगामा...पुलिस ने भीड़ से बचाकर थाने पहुंचाया

‘उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करना गर्व की बात’

गर्विता भाकुनी ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रपति भवन में आयोजित ‘एट होम रिसेप्शन’ में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि युवा आपदा मित्र के रूप में मिले प्रशिक्षण ने उन्हें समाज सेवा का आत्मविश्वास और जिम्मेदारी का एहसास कराया है।

उन्होंने कहा कि भविष्य में भी वह आपदा प्रबंधन और जनसेवा के क्षेत्र में पूरी निष्ठा के साथ कार्य करती रहेंगी तथा अधिक से अधिक युवाओं को इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित करेंगी।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page