किच्छा (ऊधम सिंह नगर)। ट्रेन में सीट पर बैठने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दो युवकों द्वारा कथित तौर पर यात्रियों के साथ मारपीट किए जाने से एक बुजुर्ग सहित तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि मामले में जीआरपी काठगोदाम ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नीलकंठ कॉलोनी लालपुर निवासी मीना देवी ने जीआरपी को दी तहरीर में बताया कि 20 मई को वह अपने पिता ब्रम्हस्वरूप, बहन सुमन और भाभी अनीता देवी के साथ किच्छा रेलवे स्टेशन से बहेड़ी जाने के लिए ट्रेन में सवार हुई थीं। ट्रेन में यात्रियों की भारी भीड़ थी और परिवार सीट पर बैठने का प्रयास कर रहा था।
आरोप है कि इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे और सीट पर बैठने को लेकर विवाद करने लगे। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और दोनों युवकों ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान मीना देवी के पिता ब्रम्हस्वरूप, बहन सुमन और भाभी अनीता देवी घायल हो गए।
घटना के बाद घायल परिजनों को उपचार के लिए किच्छा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने ब्रम्हस्वरूप और अनीता देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रुद्रपुर रेफर कर दिया।
मामले में जीआरपी काठगोदाम ने महिला की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपित युवकों की पहचान कर मामले की जांच में जुट गई है।

