Uttarakhand: रक्षाबंधन पर जिस कलाई पर बांधनी थी राखी, उसी बहन की हत्या की तहरीर लेकर थाने पहुंचा भाई, जीजा पर हत्या का मुकदमा

खबर शेयर करें

देहरादून। रक्षाबंधन की खुशियों से ठीक पहले एक परिवार में ऐसा मातम पसरा कि भाई के हाथ में राखी की जगह बहन की हत्या की तहरीर आ गई। मोहिनी रोड स्थित 4/4 में सोनू पाल की हत्या के मामले में उसके बड़े भाई समरजीत ने अपने जीजा रामजी पाल के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। तहरीर में बहन की हत्या का आरोप लगाते हुए बताया गया कि पति शराब का आदी था और आए दिन सोनू के साथ मारपीट करता था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रामजी पाल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बुधवार सुबह बच्चों को स्कूल छोड़कर घर लौटा था रामजी

अयोध्या निवासी 38 वर्षीय रामजी पाल अपने परिवार और बच्चों के साथ मोहिनी रोड स्थित एक मकान के सर्वेंट क्वार्टर में रहता था। पुलिस के मुताबिक बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे रामजी बच्चों को स्कूल छोड़ने के बाद वापस घर लौटा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसकी पत्नी सोनू पाल से कहासुनी हो गई।

यह भी पढ़ें 👉  राशिफल 08 नवम्बर 2025

आरोप है कि कहासुनी के दौरान विवाद बढ़ गया और रामजी ने गुस्से में कमरे के पास रखा धारदार पाटल उठा लिया। इसके बाद उसने सोनू के गले पर कई वार कर दिए। हमले में सोनू गंभीर रूप से घायल हो गई। जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते, उसकी मौत हो चुकी थी।

शराब पीकर मारपीट करने का आरोप

सोनू के भाई समरजीत ने पुलिस को दी तहरीर में अपने जीजा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि रामजी शराब का आदी था और शराब पीने के बाद अक्सर उसकी बहन के साथ मारपीट करता था। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और छोटी-छोटी बातों को लेकर घर में झगड़ा होता रहता था।

परिजनों के मुताबिक सोनू अपने पति के व्यवहार से काफी परेशान थी। आरोप है कि कई बार मारपीट की घटनाएं भी हुईं, लेकिन पारिवारिक परिस्थितियों के चलते मामला घर के भीतर ही सुलझता रहा। बुधवार को विवाद ने अचानक ऐसा रूप ले लिया कि सोनू की जान चली गई।

यह भी पढ़ें 👉  PF खाताधारकों के लिए बड़ी खुशखबरी: 15 जुलाई तक मिलेगा 8.25% ब्याज, 34 करोड़ सदस्यों के खातों में जाएंगे ₹1.44 लाख करोड़

बहन की हत्या की तहरीर लिखते समय भाई के सामने था रक्षाबंधन

इस घटना का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि जिस समय परिवार रक्षाबंधन की तैयारियों में जुटा था, उसी समय सोनू की हत्या ने सभी को तोड़कर रख दिया। भाई समरजीत को उम्मीद थी कि रक्षाबंधन पर बहन उसकी कलाई पर राखी बांधेगी। लेकिन त्योहार से पहले ही उसे अपनी बहन की हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराने पुलिस के पास पहुंचना पड़ा।

राखी के त्योहार से ठीक पहले हुई इस वारदात ने सोनू के मायके वालों को गहरे सदमे में डाल दिया है। जिस घर में बहन की राखी और त्योहार की खुशियां होनी थीं, वहां अब अंतिम संस्कार के बाद सन्नाटा पसरा है।

यह भी पढ़ें 👉  Nainital: नमस्कार करने पर बुजुर्ग चौकीदार को पीटा, आरोपी सिपाही निलंबित

पोस्टमार्टम के बाद देहरादून में किया अंतिम संस्कार

सोनू के भाई समरजीत ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद देहरादून में ही सोनू का अंतिम संस्कार किया गया। परिवार के लिए सबसे बड़ी चिंता अब सोनू के बच्चों को लेकर है। बच्चों को फिलहाल उनके मामा अपने साथ रखे हुए हैं।

अचानक मां की मौत और पिता के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज होने से बच्चों का भविष्य भी अनिश्चित हो गया है। परिजन इस सदमे से उबर नहीं पा रहे हैं।

पुलिस खंगाल रही दंपती के विवाद की पूरी कहानी

सीओ डालनवाला नितिन लोहानी ने बताया कि सोनू पाल के बड़े भाई की तहरीर के आधार पर रामजी पाल के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page