Uttarakhand: राजकीय ITI में प्रवेश शुरू, 25 जुलाई तक करें आवेदन…ट्रेनिंग के साथ नौकरी और स्टाइपेंड का भी मिलेगा मौका

खबर शेयर करें

ड्यूल ट्रेनिंग सिस्टम से कंपनियों में मिलेगा प्रैक्टिकल अनुभव, कुमाऊं मंडल के 37 आईटीआई में लागू योजना, अग्निवीर भर्ती में भी मिलेगा लाभ

नैनीताल। उत्तराखंड में कौशल विकास और रोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रदेश के विभिन्न राजकीय आईटीआई में प्रवेश के इच्छुक छात्र-छात्राएं अब ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश प्रक्रिया के साथ ही युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए कई विशेष योजनाओं का लाभ भी मिलेगा।

राजकीय आईटीआई बेतालघाट में कार्यरत उप नोडल अधिकारी (प्रवेश समिति) कुमाऊं मंडल राजेंद्र पांडे ने बताया कि कौशल विकास एवं व्यावसायिक शिक्षा विभाग के तहत संचालित विभिन्न ट्रेडों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। उन्होंने अधिक से अधिक युवाओं से समय रहते आवेदन करने की अपील की है।

37 आईटीआई में ड्यूल ट्रेनिंग सिस्टम की सुविधा

राजेंद्र पांडे ने बताया कि कुमाऊं मंडल के 37 राजकीय आईटीआई में विभिन्न ट्रेडों के लिए ड्यूल ट्रेनिंग सिस्टम (Dual Training System-DTS) लागू किया गया है। इस योजना के तहत प्रशिक्षण के साथ-साथ उद्योगों में व्यावहारिक अनुभव भी दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  राशिफल 19 फरवरी 2026

उन्होंने बताया कि एक वर्षीय ट्रेड में प्रशिक्षण लेने वाले अभ्यर्थी 6 माह संस्थान और 6 माह चयनित कंपनी में प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। वहीं दो वर्षीय ट्रेड के प्रशिक्षार्थी एक वर्ष आईटीआई और एक वर्ष उद्योग में प्रशिक्षण लेंगे।

इस व्यवस्था से युवाओं को आधुनिक औद्योगिक तकनीक, कार्य संस्कृति, अनुशासन, समय प्रबंधन और व्यावसायिक कौशल का प्रत्यक्ष अनुभव मिलेगा। प्रशिक्षण अवधि के दौरान संबंधित कंपनियां प्रशिक्षार्थियों को नियमानुसार मानदेय (स्टाइपेंड) भी प्रदान करेंगी, जिससे प्रशिक्षण के साथ आर्थिक सहयोग भी मिलेगा।

प्रशिक्षण के बाद रोजगार की बेहतर संभावनाएं

उप नोडल अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक वर्ष संस्थान परिसर में रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले आयोजित किए जाते हैं, जिनमें विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेकर प्रशिक्षित युवाओं का चयन करती हैं। इससे कई विद्यार्थियों को प्रशिक्षण के दौरान ही रोजगार और अप्रेंटिसशिप का अवसर मिल जाता है।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: SSC परीक्षा में हाईटेक नकल गैंग पर STF का बड़ा प्रहार, मास्टरमाइंड गिरफ्तार…सेंटर से मिला ‘डिजिटल चीटिंग लैब’ का जखीरा

स्वरोजगार के लिए भी मिलेगा मार्गदर्शन

राजकीय आईटीआई में केवल नौकरी ही नहीं, बल्कि स्वरोजगार को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके लिए समय-समय पर जिला उद्योग केंद्र, एमएसएमई और विभिन्न बैंकों के अधिकारियों को संस्थानों में आमंत्रित किया जाता है। वे प्रशिक्षार्थियों को सरकारी योजनाओं, बैंक ऋण और उद्यम स्थापना से जुड़ी जानकारी देकर स्वरोजगार के लिए प्रेरित करते हैं। राजेंद्र पांडे ने कहा कि प्रशिक्षित युवा स्वरोजगार अपनाकर पहाड़ों से हो रहे पलायन को रोकने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

अग्निवीर भर्ती में भी मिलेगा लाभ

उन्होंने बताया कि आईटीआई से प्रशिक्षण प्राप्त अभ्यर्थियों को अग्निवीर भर्ती में भी नियमानुसार वरीयता प्रदान की जाती है, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के अवसर और बढ़ जाते हैं।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: हल्द्वानी के युवक समेत दो दोस्तों की कोसी नदी में डूबकर मौत, पांच दोस्तों के साथ नहाने गए थे देवस्थल

संस्थान से मिलेगी ड्रेस की सुविधा

राजकीय आईटीआई में प्रवेश लेने वाले प्रशिक्षार्थियों को संस्थान स्तर पर ड्रेस की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है, ताकि प्रशिक्षण के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

ये हैं महत्वपूर्ण तिथियां

  • ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि: 25 जुलाई 2026
  • आवेदन पत्र में संशोधन: 22 से 25 जुलाई 2026
  • मेरिट सूची का प्रकाशन: 26 जुलाई 2026
  • विकल्प (चॉइस) भरने की तिथि: 27 जुलाई से 2 अगस्त 2026
  • प्रथम काउंसलिंग सूची जारी: 4 अगस्त 2026
  • प्रवेश प्रक्रिया: 4 अगस्त से 10 अगस्त 2026

उप नोडल अधिकारी राजेंद्र पांडे ने अभिभावकों और छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे समय रहते ऑनलाइन आवेदन करें। किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए अभ्यर्थी अपने नजदीकी राजकीय आईटीआई से संपर्क कर सकते हैं या विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर प्रवेश प्रक्रिया, ट्रेड और अन्य आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page