अल्मोड़ा। दन्यां क्षेत्र के सेली गांव में हुए चर्चित हत्याकांड का पुलिस ने सात दिन के भीतर खुलासा करते हुए मृतक की बेटी और दामाद को जम्मू-कश्मीर के कटरा से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को ट्रांजिट प्रक्रिया पूरी करने के बाद अल्मोड़ा लाया गया, जहां न्यायालय में पेशी के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, सेली गांव निवासी चंद्रशेखर पांडे पर बीते शनिवार रात उनके ही घर में धारदार हथियार से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल और फिर अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच में हत्या के आरोप मृतक की बेटी जानकी पांडे, उसके पति धर्मवीर शर्मा और मृतक की पत्नी खष्टी देवी पर लगे। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
हरियाणा से गांव पहुंचे थे आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि जानकी पांडे अपने पति धर्मवीर शर्मा के साथ हरियाणा से सेली गांव आई थी। आरोप है कि इसी दौरान पारिवारिक विवाद के चलते चंद्रशेखर पांडे पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे, जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया।
तीन राज्यों में चली तलाश, कटरा से दबोचे गए आरोपी
एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस की तीन टीमों ने अल्मोड़ा, उत्तराखंड से लेकर हरियाणा और अन्य संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने 26 जून को दोनों मुख्य आरोपियों को कटरा (जम्मू-कश्मीर) से गिरफ्तार कर लिया।
कटरा की अदालत से ट्रांजिट रिमांड लेने के बाद पुलिस दोनों आरोपियों को अल्मोड़ा लेकर पहुंची। यहां वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
दामाद का आपराधिक इतिहास भी आया सामने
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी धर्मवीर शर्मा का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। पुलिस अब हत्या के पीछे की वास्तविक वजह, पारिवारिक विवाद और अन्य संभावित पहलुओं की भी गहन जांच कर रही है।

