देहरादून। राजधानी देहरादून के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सहस्त्रधारा में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां नहाने के दौरान तेज बहाव की चपेट में आकर दिल्ली का एक पर्यटक नदी में बह गया। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ ने मोर्चा संभालते हुए सघन सर्च अभियान चलाया। कई स्थानों पर तलाश के बाद पर्यटक का शव घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर पांडव वाला पुल के पास बरामद किया गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया।
आपदा कंट्रोल रूम को मिली बहने की सूचना
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह आपदा कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि सहस्त्रधारा क्षेत्र में एक व्यक्ति स्नान करते समय अचानक पानी के तेज बहाव में बह गया है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सहस्त्रधारा स्थित एसडीआरएफ टीम को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
एसडीआरएफ जवानों ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई। टीम ने परिजनों से पूछताछ कर उस स्थान की जानकारी ली, जहां से व्यक्ति पानी के बहाव में लापता हुआ था। इसके बाद नदी के बहाव वाले संभावित क्षेत्रों में सर्च अभियान शुरू किया गया।
तेज बहाव के बीच कई स्थानों पर तलाश
एसडीआरएफ के जवानों ने नदी और आसपास के संभावित स्थानों पर गहन तलाशी अभियान चलाया। तेज बहाव के कारण सर्च ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण रहा। जवानों ने नदी के बहाव की दिशा में आगे बढ़ते हुए कई स्थानों को खंगाला और लगातार तलाश जारी रखी।
काफी प्रयास के बाद टीम को सफलता मिली। सहस्त्रधारा झरने से करीब दो किलोमीटर दूर पांडव वाला पुल के पास एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। शव की पहचान नौथ राम, करीब 50 वर्ष, निवासी दिल्ली के रूप में हुई।
हादसे के बाद फिर उठे सुरक्षा पर सवाल
सहस्त्रधारा समेत देहरादून के कई जलप्रपात और नदी क्षेत्र बरसात के दौरान पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बने रहते हैं। हालांकि बारिश के बाद इन क्षेत्रों में पानी का बहाव अचानक तेज हो जाता है, जिससे हादसों का खतरा बढ़ जाता है। रविवार को हुए इस हादसे ने एक बार फिर पर्यटक स्थलों पर बरसात के दौरान सुरक्षा और सतर्कता की जरूरत को सामने ला दिया है।
