यूक्रेन का रूस पर बड़ा ड्रोन हमला, सेंट पीटर्सबर्ग के तेल टर्मिनल को बनाया निशाना…दोनों देशों के दावों से बढ़ा तनाव

खबर शेयर करें

मॉस्को/कीव। रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के बीच शनिवार को यूक्रेन ने रूस के दूसरे सबसे बड़े शहर सेंट पीटर्सबर्ग पर बड़ा ड्रोन हमला किया। इस हमले में बाल्टिक सागर के किनारे स्थित एक प्रमुख तेल टर्मिनल को निशाना बनाया गया। रूसी अधिकारियों ने हमले की पुष्टि करते हुए दावा किया कि वायु रक्षा प्रणाली ने शहर और आसपास के क्षेत्रों में 72 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए। हालांकि तेल टर्मिनल को नुकसान पहुंचा है, लेकिन किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

सेंट पीटर्सबर्ग के गवर्नर अलेक्जेंडर बेगलोव के अनुसार हमला शहर के कीरोव्स्की जिले में स्थित तेल टर्मिनल पर हुआ। रूसी एजेंसियां नुकसान का आकलन कर रही हैं, जबकि सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

उधर, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि यह रूस की युद्ध क्षमता को कमजोर करने की रणनीति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि यूक्रेनी सेना ने केवल तेल टर्मिनल ही नहीं, बल्कि सेंट पीटर्सबर्ग के निकट क्रोनश्टाट द्वीप स्थित एक महत्वपूर्ण सैन्य ठिकाने को भी निशाना बनाया। जेलेंस्की का कहना है कि रूस की तेल अवसंरचना से मिलने वाली आय उसकी युद्ध मशीन को मजबूत करती है, इसलिए ऐसे ठिकानों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी के आर्यन जुयाल का विजय हजारे ट्रॉफी में धमाल, शतक जड़ यूपी को 227 रन की बड़ी जीत

तेल ठिकानों पर लगातार बढ़ रहे हमले

पिछले कई महीनों से यूक्रेन रूस के तेल डिपो, रिफाइनरी और ईंधन भंडारण केंद्रों पर ड्रोन हमलों की रणनीति अपनाए हुए है। इन हमलों के कारण रूस के कई क्षेत्रों में ईंधन आपूर्ति प्रभावित हुई है और ऊर्जा अवसंरचना पर दबाव बढ़ा है। सेंट पीटर्सबर्ग के इसी क्षेत्र पर जून में भी हमला किया गया था।

क्रीमिया और बेलगोरोद भी निशाने पर

रूस के कब्जे वाले क्रीमिया में भी शनिवार को यूक्रेनी हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 10 वर्षीय बच्चे सहित दो लोग घायल हुए। स्थानीय प्रशासन के अनुसार लगातार हमलों के चलते कई इलाकों में आम लोगों के लिए पेट्रोल की बिक्री अस्थायी रूप से रोकनी पड़ी है।

यह भी पढ़ें 👉  इंद्रावती नदी क्षेत्र में मुठभेड़, दो वर्दीधारी माओवादी ढेर

वहीं रूस के सीमावर्ती शहर बेलगोरोद में रातभर हुए ड्रोन हमलों के बाद बड़े पैमाने पर बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। दूसरी ओर रूस की ओर से किए गए हमलों में यूक्रेन के जापोरिज्जिया क्षेत्र की कई रिहायशी इमारतें क्षतिग्रस्त हुईं, जिसमें दो बच्चों समेत आठ लोग घायल हो गए।

पुतिन बोले- अभियान लक्ष्य पूरा होने तक जारी रहेगा

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन के ऊर्जा ठिकानों पर किए जा रहे हमलों को रूस की रणनीति पर असर डालने वाला नहीं बताया। उन्होंने कहा कि रूस का सैन्य अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक निर्धारित लक्ष्य हासिल नहीं हो जाते। पुतिन ने आरोप लगाया कि यूक्रेन युद्ध के मैदान में अपनी कमजोर स्थिति से ध्यान हटाने के लिए इस तरह के हमले कर रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  प्यार, धोखा और कत्ल: ‘दृश्यम’ स्टाइल में प्रेमी की हत्या, मोबाइल लोकेशन ने खोल दी खूनी साजिश की परतें

कब्जे को लेकर दोनों देशों के दावे आमने-सामने

शुक्रवार को राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन युद्ध का संचालन कर रहे सैन्य मुख्यालय का दौरा किया, जहां उन्हें कोस्त्यांतिनिव्का शहर पर रूसी नियंत्रण स्थापित होने की जानकारी दी गई। पुतिन ने इसे रणनीतिक सफलता बताते हुए कहा कि इससे स्लोवियांस्क और क्रामातोर्स्क जैसे महत्वपूर्ण शहरों की ओर बढ़ना आसान होगा।

हालांकि यूक्रेन ने रूस के इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया है। यूक्रेनी सेना के प्रवक्ता मेजर आंद्रिय कोवालेव ने कहा कि रूस झूठा प्रचार कर रहा है और उसकी सेना अभी तक शहर पर कब्जा करने में सफल नहीं हुई है।

लगातार बढ़ते ड्रोन हमलों और जवाबी सैन्य कार्रवाई के बीच रूस-यूक्रेन युद्ध एक बार फिर अधिक तीव्र होता दिखाई दे रहा है, जिससे क्षेत्रीय सुरक्षा और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंताएं भी बढ़ गई हैं।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page