नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के तुगलकाबाद इलाके में शुक्रवार तड़के एक बहुमंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं। दमकल विभाग ने साहसिक बचाव अभियान चलाकर इमारत में फंसे आठ लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनमें से तीन की जान नहीं बचाई जा सकी।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 2:25 बजे तुगलकाबाद की गली नंबर-1 स्थित नया तारा अपार्टमेंट के पास एक मकान में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दिल्ली अग्निशमन सेवा की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आग इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर खड़े वाहनों में लगी थी। देखते ही देखते घना धुआं पूरी इमारत में फैल गया, जिससे ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले लोग अंदर ही फंस गए। संकरी गली में स्थित ग्राउंड प्लस पांच मंजिला इमारत तक पहुंचने और बचाव अभियान चलाने में दमकल कर्मियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
इसके बावजूद दमकल कर्मियों ने जान जोखिम में डालकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और कुल आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया। अधिकारियों के अनुसार सुबह 3:45 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया था, जबकि करीब 4 बजे आग पूरी तरह बुझा दी गई। इसके बाद भी इमारत में फंसे लोगों की तलाश जारी रही।
घायलों में से पांच महिलाओं को सफदरजंग अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया, जबकि दो महिलाओं और एक पुरुष को एम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। सफदरजंग अस्पताल में भर्ती दो महिलाओं को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि तीन अन्य महिलाओं का इलाज जारी है। वहीं एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती एक पुरुष ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। दो अन्य महिलाओं की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्रारंभिक जांच के अनुसार पार्किंग क्षेत्र में लगी आग से निकला जहरीला धुआं तेजी से ऊपरी मंजिलों तक पहुंच गया, जिससे लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हैं।
यह हादसा एक बार फिर बहुमंजिला इमारतों में अग्नि सुरक्षा मानकों और आपातकालीन निकास व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

