“समय तेजी से निकल रहा…” ईरान पर फिर गरजे ट्रंप, युद्ध जैसे हालात के बीच दी बड़ी चेतावनी

खबर शेयर करें

वॉशिंगटन। डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को कड़ी चेतावनी देकर वैश्विक हलकों में हलचल बढ़ा दी है। मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव और संभावित टकराव की आशंकाओं के बीच ट्रंप ने साफ संकेत दिए हैं कि अगर ईरान ने जल्द कदम नहीं उठाए, तो उसके लिए हालात बेहद गंभीर हो सकते हैं।

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “ईरान के लिए घड़ी की सुइयां तेजी से भाग रही हैं। बेहतर होगा कि वे तुरंत हरकत में आएं, वरना उनके पास कुछ भी नहीं बचेगा। समय सबसे कीमती चीज है।”

ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इससे पहले भी ट्रंप ने एआई से तैयार एक तस्वीर साझा कर ईरान को अप्रत्यक्ष चेतावनी दी थी। उस पोस्ट में उन्होंने लिखा था, “यह तूफान से पहले की शांति है।”

यह भी पढ़ें 👉  Nainital: 150 सीसीटीवी कैमरों की मदद से खुली बाइक चोरी की गुत्थी, पुलिस ने आरोपी को दबोचा

सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीर में ट्रंप अमेरिकी नौसेना के एक एडमिरल के साथ ‘मेक अमेरिका ग्रेट अगेन’ कैप पहने एक युद्धपोत पर खड़े दिखाई दे रहे हैं। तस्वीर में समुद्र में उठते तूफान, आसमान में चमकती बिजली और बैकग्राउंड में दिखाई दे रहे ईरानी जहाजों ने संभावित सैन्य टकराव की अटकलों को और तेज कर दिया है। राजनीतिक विश्लेषक इसे तेहरान के लिए सीधा संदेश मान रहे हैं।

उधर, ईरान की ओर से भी इस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। सैयद अब्बास अराघची ने कहा कि तेहरान बातचीत और कूटनीतिक समाधान चाहता है, लेकिन इसके लिए गंभीर और धैर्यपूर्ण वार्ता जरूरी है। उन्होंने अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ईरान पर दोबारा युद्ध थोपा गया, तो उसका परिणाम पहले जैसा ही होगा।

यह भी पढ़ें 👉  बांग्लादेश की अशांति का फायदा उठाकर भारत में घुसपैठ की साजिश, भारतीय खुफिया एजेंसियां और BSF हाईअलर्ट पर

अराघची ने कहा, “अगर वे बातचीत के जरिए समाधान चाहते हैं, तो उन्हें धैर्य रखना होगा, क्योंकि सही हल तक पहुंचने के लिए विस्तृत और गंभीर चर्चा जरूरी है। लेकिन अगर वे फिर से युद्ध चाहते हैं, तो यह उनका फैसला होगा। उन्होंने पहले भी हमारी परीक्षा ली है और फिर ले सकते हैं, लेकिन नतीजा अलग नहीं होगा।”

यह भी पढ़ें 👉  परमाणु निवेश को मिलेगा बढ़ावा, सरकार बदलेगी दायित्व कानून

इस बीच अमेरिकी मीडिया में भी कई तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं। The New York Times की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ट्रंप प्रशासन ईरान को लेकर बड़ा फैसला लेने की तैयारी में है। रिपोर्ट के मुताबिक, यदि कूटनीतिक प्रयास विफल होते हैं तो अमेरिकी सहयोगी संभावित एयर ऑपरेशन समेत कई वैकल्पिक योजनाओं पर चर्चा कर रहे हैं।

मध्य-पूर्व में पहले से जारी तनाव, समुद्री गतिविधियों में बढ़ोतरी और दोनों देशों के तीखे बयानों ने दुनिया की चिंता बढ़ा दी है। अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में अमेरिका और ईरान के बीच संबंध और अधिक तनावपूर्ण हो सकते हैं।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page