फॉरच्यूनर और 50 लाख की मांग ने ली नवविवाहिता की जान…डेढ़ साल पहले हुई थी शादी, अब ससुराल से उठी अर्थी

खबर शेयर करें

ग्रेटर नोएडा। दहेज की लालच ने एक और नवविवाहिता की जिंदगी निगल ली। ग्रेटर नोएडा के थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र स्थित जलपुरा गांव में डेढ़ साल पहले ब्याही गई 24 वर्षीय दीपिका नागर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति और ससुर को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार गांव कूड़ी खेड़ा निवासी संजय नागर की बेटी दीपिका की शादी करीब 14 महीने पहले जलपुरा निवासी ऋतिक पुत्र मनोज प्रधान के साथ बड़े धूमधाम से हुई थी। परिजनों का कहना है कि शादी में करीब एक करोड़ रुपये खर्च किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष की दहेज की मांग खत्म नहीं हुई।

यह भी पढ़ें 👉  ईरान पर अमेरिकी हमले तेज: ‘युद्ध कब खत्म होगा, फैसला ट्रंप करेंगे’, डिफेंस सेक्रेटरी हेगसेथ का बड़ा बयान

आरोप है कि शादी के बाद से ही दीपिका पर फॉरच्यूनर कार और 50 लाख रुपये लाने का दबाव बनाया जा रहा था। मांग पूरी न होने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। परिवार का कहना है कि दीपिका कई बार फोन पर अपनी पीड़ा बयां कर चुकी थी, लेकिन रिश्तों को बचाने के लिए वह सबकुछ सहती रही।

रविवार को अचानक दीपिका की मौत की खबर मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का आरोप है कि दीपिका की बेरहमी से हत्या की गई और घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग उसे अस्पताल छोड़कर फरार हो गए। जब परिवार अस्पताल पहुंचा तो दीपिका मृत अवस्था में मिली।

यह भी पढ़ें 👉  रॉस टेलर की मैदान पर वापसी, अब समोआ के लिए खेलेंगे टी20 वर्ल्ड कप क्वालीफायर

मृतका के परिजनों ने दावा किया कि दीपिका के शरीर पर चोटों के कई निशान थे, जिससे मामला आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या का प्रतीत होता है। घटना की खबर फैलते ही अस्पताल और गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार जुट गए। परिजनों ने ससुराल पक्ष के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई और आरोपियों की सख्त सजा की मांग की।

वहीं पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस के अनुसार विवाहिता ने कथित रूप से दहेज उत्पीड़न से परेशान होकर छत से कूदकर आत्महत्या की। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।

यह भी पढ़ें 👉  लोकसभा से पारित ‘विकसित भारत–जी राम जी विधेयक’, मनरेगा नाम बदलाव पर सरकार-विपक्ष में तीखा टकराव

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता की तहरीर पर दहेज हत्या समेत अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी पति ऋतिक और ससुर मनोज प्रधान को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अब मृतका के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और परिवार के लोगों के बयान खंगाल रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि विवाहिता को किस स्तर तक प्रताड़ित किया जा रहा था और घटना से पहले उसके साथ क्या हुआ था।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page