Uttarakhand: मेधावी प्राची मटेला ने बढ़ाया देवभूमि का मान, ड्रीमर्स केयर फाउंडेशन ने किया विशेष सम्मान

खबर शेयर करें

रुद्रपुर। प्रतिभा परिस्थितियों की मोहताज नहीं होती और जब मेहनत, लगन व आत्मविश्वास साथ हो तो सफलता खुद रास्ता बना लेती है। उत्तराखंड की होनहार बेटी प्राची मटेला ने इसी बात को सच साबित करते हुए बोर्ड परीक्षा में 98.6 प्रतिशत अंक हासिल कर न सिर्फ ऊधमसिंह नगर जिले में पहला स्थान प्राप्त किया, बल्कि पूरे उत्तराखंड में दूसरा स्थान हासिल कर देवभूमि का गौरव बढ़ाया है।

प्राची की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर सामाजिक सरोकारों और युवा उत्थान के लिए कार्यरत ड्रीमर्स केयर फाउंडेशन ने उनके आवास पहुंचकर विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया। फाउंडेशन की फाउंडर ममता पांडे एवं दीपक पांडे ने प्राची को स्मृति चिह्न, पुष्पगुच्छ और सम्मान वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर दीपक पांडे ने कहा कि प्राची की सफलता केवल अंकों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संघर्ष, अनुशासन और परिवार के त्याग की प्रेरणादायी कहानी है। उन्होंने कहा कि माता-पिता के अथक प्रयास, गुरुजनों के मार्गदर्शन और देवी-देवताओं के आशीर्वाद से प्राची ने यह मुकाम हासिल किया है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: साइबर हमले की आशंका के बीच एसटीएफ अलर्ट, कमांडो तैनात

बिना कोचिंग के हासिल की बड़ी सफलता

प्राची मटेला ने अपनी सफलता का श्रेय आत्मविश्वास और नियमित अभ्यास को दिया। उन्होंने बताया कि उन्होंने किसी भी प्रकार की बाहरी कोचिंग या ट्यूशन का सहारा नहीं लिया। वह रोजाना स्वयं नोट्स तैयार करती थीं और लगातार प्रैक्टिस के माध्यम से अपनी कमजोरियों को दूर करती रहीं।

फाउंडेशन की फाउंडर ममता पांडे ने कहा कि प्राची की संघर्षगाथा आज के युवाओं के लिए बड़ी प्रेरणा है। उन्होंने बताया कि प्राची की माता दीपा मटेला उत्तराखंड की पारंपरिक लोक कला ‘ऐपण’ से जुड़ा कार्य करती हैं। घर पर लोगों की आवाजाही और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बावजूद प्राची ने पढ़ाई में कभी समझौता नहीं किया।

यह भी पढ़ें 👉  टिहरी के मुख्य शिक्षा अधिकारी एसपी सेमवाल ने विभागीय उपेक्षा से क्षुब्ध होकर इस्तीफा दिया

रात भर जागकर करती थीं पढ़ाई

प्राची की मां दीपा मटेला ने बताया कि दिन में घर का माहौल व्यस्त रहने के कारण पढ़ाई करना आसान नहीं था। ऐसे में प्राची ने रात के शांत माहौल को अपनी ताकत बनाया और देर रात से लेकर सुबह चार बजे तक लगातार पढ़ाई कर अपने लक्ष्य को हासिल किया।

उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद प्राची ने कभी हार नहीं मानी और हर चुनौती को अवसर में बदल दिया। यही जज्बा आज उन्हें प्रदेश की टॉपर छात्राओं में शामिल कर चुका है।

सम्मान समारोह में उमड़ा उत्साह

इस सम्मान समारोह में सुमित पांडे, लवी पांडे, प्रज्वल पांडे, परिधि पांडे, अवनी पांडे और अक्षत पांडे सहित कई सदस्य मौजूद रहे। सभी ने प्राची और उनके परिवार को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

यह भी पढ़ें 👉  पिथौरागढ़ हादसा (अपडेट): एनएचपीसी की टनल में फंसे 19 कार्मिक सुरक्षित निकाले गए

प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का संकल्प

ड्रीमर्स केयर फाउंडेशन ने इस मौके पर समाज के प्रतिभाशाली और संसाधनों की कमी से जूझ रहे बच्चों को आगे बढ़ाने का संकल्प भी दोहराया। फाउंडेशन का कहना है कि वह भविष्य में भी ऐसे मेधावी और संघर्षशील बच्चों की मदद के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।

फाउंडेशन पदाधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रतिभा को आर्थिक अभाव या उचित मार्गदर्शन की कमी के कारण पीछे नहीं रहना चाहिए। युवाओं के विकास से ही सशक्त समाज और राष्ट्र का निर्माण संभव है, इसलिए समाज के जागरूक लोगों को भी इस अभियान से जुड़कर प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में सहयोग करना चाहिए।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page