शेयर बाजार में लगातार चौथे दिन धमाकेदार तेजी, सेंसेक्स 1,225 अंक उछला, निफ्टी 23,810 के पार

खबर शेयर करें

मुंबई। भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार को लगातार चौथे कारोबारी सत्र में तेजी का सिलसिला जारी रहा। चौतरफा खरीदारी के दम पर घरेलू शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी शानदार बढ़त के साथ बंद हुए। सेंसेक्स में जहां 1,225 अंकों से ज्यादा का उछाल दर्ज किया गया, वहीं निफ्टी भी 23,810 के स्तर को पार करने में सफल रहा। बाजार में सबसे ज्यादा खरीदारी एफएमसीजी, रियल्टी और खपत आधारित कंपनियों के शेयरों में देखने को मिली।

कारोबार के अंत में बीएसई सेंसेक्स 1,225.07 अंक यानी 1.62 प्रतिशत की बढ़त के साथ 76,917.85 पर बंद हुआ। वहीं एनएसई निफ्टी 370.05 अंक यानी 1.58 प्रतिशत चढ़कर 23,810.85 के स्तर पर पहुंच गया। बाजार में तेजी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लार्जकैप के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी खरीदारी का रुझान बना रहा।

FMCG और रियल्टी शेयरों ने भरी बाजार में जान

सेक्टरवार प्रदर्शन की बात करें तो एफएमसीजी शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी देखने को मिली। निफ्टी एफएमसीजी इंडेक्स 3.65 प्रतिशत उछलकर टॉप गेनर रहा। इसके अलावा निफ्टी रियल्टी में 2.33 प्रतिशत और निफ्टी कंजप्शन इंडेक्स में 2.29 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई।

यह भी पढ़ें 👉  भीषण अग्निकांड: 500 से ज्यादा झुग्गियां जलकर राख, सिलेंडर धमाकों से दहला इलाका

बैंकिंग और वित्तीय शेयरों में भी निवेशकों ने जमकर खरीदारी की। निफ्टी प्राइवेट बैंक 1.98 प्रतिशत और निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज 1.84 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए। वहीं निफ्टी ऑटो में 1.71 प्रतिशत, निफ्टी सर्विसेज और निफ्टी इंडिया डिफेंस में 1.33-1.33 प्रतिशत तथा निफ्टी इंफ्रा में 1.10 प्रतिशत की तेजी रही। निफ्टी ऑयल एंड गैस भी 0.84 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ।

हालांकि, बाजार की तेजी के बीच कुछ सेक्टर दबाव में भी रहे। निफ्टी पीएसयू बैंक में 1.27 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। निफ्टी मेटल 0.14 प्रतिशत और निफ्टी एनर्जी 0.11 प्रतिशत टूटकर बंद हुए।

मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी खरीदारी

बाजार में तेजी का फायदा केवल बड़ी कंपनियों के शेयरों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी मजबूती देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 612.85 अंक यानी 1.06 प्रतिशत की बढ़त के साथ 58,596.25 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 57.55 अंक यानी 0.31 प्रतिशत चढ़कर 18,652.85 पर पहुंच गया।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: लूट के बाद भाग रहे बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, एक ढेर, SHO को लगी दो गोलियां

कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और FII की वापसी से मिला सहारा

बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, भारतीय शेयर बाजार में जारी रिकवरी के पीछे कई घरेलू और वैश्विक कारक अहम भूमिका निभा रहे हैं। कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट, अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में नरमी और विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की बाजार में दोबारा बढ़ती दिलचस्पी ने निवेशकों का भरोसा मजबूत किया है।

इसके अलावा, दूसरी तिमाही के कंपनियों के मजबूत नतीजों ने भी भारतीय अर्थव्यवस्था और घरेलू विकास की संभावनाओं को लेकर सकारात्मक माहौल बनाया है। लंबे समय तक बिकवाली करने के बाद विदेशी निवेशकों की वापसी से बाजार में नकदी का प्रवाह बढ़ा है। इसका फायदा खासतौर पर वित्तीय सेवाओं और उपभोग आधारित क्षेत्रों को मिला है।

यह भी पढ़ें 👉  बुलंदशहर में बड़ा सड़क हादसा: ट्रैक्टर-टैंकर की भिड़ंत में 8 श्रद्धालुओं की मौत, 45 घायल

क्या आगे भी जारी रहेगी बाजार की तेजी?

विशेषज्ञों का मानना है कि बाजार में आई इस तेजी की स्थिरता कई अहम कारकों पर निर्भर करेगी। कंपनियों के आगामी तिमाही नतीजे, विदेशी निवेशकों का लगातार निवेश और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी बाजार की आगे की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

इसके साथ ही वैश्विक बॉन्ड यील्ड में उतार-चढ़ाव, भू-राजनीतिक घटनाक्रम और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति पर भी निवेशकों की नजर रहेगी। ऐसे में लगातार चार सत्रों की तेजी से बाजार में सकारात्मक माहौल जरूर बना है, लेकिन आगे की चाल के लिए वैश्विक संकेतों और कंपनियों के वित्तीय प्रदर्शन पर नजर रखना जरूरी होगा।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page