लाइबेरिया के झंडे वाले टैंकर ‘एमटी फुजैराह एनर्जी’ को बनाया गया निशाना, चालक दल के चार सदस्य घायल, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने दी जानकारी
नई दिल्ली। फारस की खाड़ी में एक तेल टैंकर पर हुए हमले में एक भारतीय नाविक समेत चालक दल के चार सदस्य घायल हो गए। लाइबेरिया के झंडे वाला यह टैंकर ‘एमटी फुजैराह एनर्जी’ अल-रुवाइस से दुबई की ओर जा रहा था, तभी किसी प्रोजेक्टाइल से उस पर हमला किया गया। घायल भारतीय नाविक को मामूली चोट आई है और उसे सुरक्षित रूप से किनारे पर लाकर चिकित्सा जांच के लिए भेजा गया है।
केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 10 नवंबर को फारस की खाड़ी में हुए इस हमले के समय जहाज पर कुल 22 क्रू सदस्य सवार थे, जिनमें छह भारतीय नाविक शामिल थे।
मंत्री के मुताबिक, हमले में चालक दल के चार सदस्य घायल हुए हैं, जिनमें एक भारतीय नागरिक भी शामिल है। भारतीय नाविक को मामूली चोटें आई हैं। वहीं, जहाज पर मौजूद शेष 18 क्रू सदस्य सुरक्षित हैं, जिनमें पांच अन्य भारतीय नाविक भी शामिल हैं।
सोनोवाल ने कहा कि सरकार पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है। भारतीय नाविकों की सुरक्षा, चिकित्सा सहायता और कुशलक्षेम सुनिश्चित करने के लिए जहाज प्रबंधन कंपनी के साथ लगातार संपर्क किया जा रहा है।
पश्चिम एशिया में भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता
फारस की खाड़ी में तेल टैंकर पर हुआ यह हमला ऐसे समय में हुआ है, जब पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच समुद्री व्यापारिक मार्गों से गुजरने वाले जहाजों और उन पर तैनात भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं।
इससे पहले तीन नवंबर को विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने प्रेस ब्रीफिंग में बताया था कि पश्चिम एशिया संघर्ष में अब तक 23 भारतीय नागरिकों की जान जा चुकी है। उन्होंने काला सागर क्षेत्र में व्यावसायिक जहाजों पर हुए हमलों का भी जिक्र किया था। इन हमलों में पांच भारतीय नागरिकों की मौत हुई है, जबकि दो अन्य अब भी लापता हैं।
लगातार हो रही इन घटनाओं ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार मार्गों की सुरक्षा और वहां काम कर रहे भारतीय नाविकों की हिफाजत को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

