हल्द्वानी ब्लॉक के 12 कर्मचारियों का वेतन रोकने और स्पष्टीकरण लेने के निर्देश, भीमताल के तीन कार्मिकों की सेवा समाप्ति की संस्तुति
हल्द्वानी। मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डेय ने बुधवार को विकासखंड कार्यालय हल्द्वानी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में कर्मचारियों की अनुपस्थिति और विकास कार्यों की प्रगति में शिथिलता सामने आई। इस पर सीडीओ ने कड़ा रुख अपनाते हुए अनुपस्थित एवं बिना अवकाश स्वीकृत कराए छुट्टी पर गए कुल 12 कर्मचारियों से स्पष्टीकरण लेने तथा संतोषजनक जवाब न मिलने पर संबंधित तिथि का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने विकासखंड में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की समीक्षा की। इनमें वीबी-जी राम जी, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), ग्रामोत्थान, विधायक निधि, सांसद निधि, पंचायतीराज, युवा कल्याण, समाज कल्याण और लघु सिंचाई विभाग के कार्य शामिल रहे।
कार्यालय में पांच कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जबकि सात अन्य कर्मचारी बिना अवकाश स्वीकृत कराए छुट्टी पर थे। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने खंड विकास अधिकारी हल्द्वानी को सभी संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जवाब संतोषजनक न होने की स्थिति में संबंधित कर्मचारियों का उक्त दिवस का वेतन आहरित न किया जाए।
वहीं, विधायक निधि, सांसद निधि, राज्य वित्त एवं 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत प्राप्त धनराशि का अपेक्षित उपयोग न होने पर सीडीओ ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपलब्ध धनराशि का समयबद्ध तरीके से उपयोग सुनिश्चित करते हुए विकास कार्यों में तेजी लाई जाए।
भीमताल के बीडीओ से भी मांगा स्पष्टीकरण
निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी भीमताल से दूरभाष पर वार्ता की गई। इस दौरान जानकारी मिली कि वे बिना अवकाश स्वीकृत कराए और पूर्व अनुमति लिए बिना मुख्यालय से बाहर गए हैं। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने उनका स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। इसके अलावा विकासखंड कार्यालय भीमताल में अनुपस्थित पाए गए तीन कर्मचारियों के विरुद्ध सेवा समाप्ति की कार्रवाई किए जाने की संस्तुति जिलाधिकारी नैनीताल को भेजी जा रही है।
निरीक्षण के दौरान सहायक परियोजना निदेशक, डीआरडीए श्रीमती चंदा फर्त्याल, खंड विकास अधिकारी बीएस बिष्ट, सहायक खंड विकास अधिकारी सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

