Nainital: घास काट रही बुजुर्ग महिला पर बाघ का हमला, चीख-पुकार सुनकर भागा वनराज

खबर शेयर करें

रामनगर (नैनीताल)। नैनीताल जिले के रामनगर वन क्षेत्र में एक बार फिर बाघ की दहशत देखने को मिली। रविवार को मोहान क्षेत्र के कुनखेत गांव में घास काटने गई एक 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर बाघ ने अचानक हमला कर दिया। महिला की चीख-पुकार और आसपास मौजूद लोगों के शोर मचाने पर बाघ उसे छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। गंभीर रूप से घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद काशीपुर के निजी अस्पताल रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, बसंती देवी (65) पत्नी बाली राम, निवासी कुनखेत-मोहान, रविवार को गांव के समीप स्थित कुनखेत बैली रिसॉर्ट के पास घास काटने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में घात लगाए बैठे बाघ ने अचानक उन पर हमला बोल दिया। बाघ के हमले से महिला के माथे और सिर पर गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान हो गईं।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: प्रदेश में सूखी ठंड का कहर...रातें होंगी और सर्द, पहाड़ों में हल्की बारिश-बर्फबारी के आसार

महिला की चीख सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और शोर मचाया। ग्रामीणों की आवाज सुनते ही बाघ महिला को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। ग्रामीणों ने घायल महिला को तुरंत रामनगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया।

यह भी पढ़ें 👉  Haldwani: वीकेंड पर कैंची धाम जाने से पहले पढ़ लें ये खबर, भवाली-भीमताल में ट्रैफिक डायवर्जन लागू

घटना की सूचना मिलते ही कोसी रेंज के रेंजर कृष्ण सिंह महरा भी अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए काशीपुर के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: थलसेना अध्यक्ष उपेंद्र द्विवेदी ने किए केदारनाथ धाम के दर्शन, तीर्थ पुरोहितों ने किया भव्य स्वागत

घटना के बाद कुनखेत और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, बाघ की निगरानी करने और लोगों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page