नैनीताल। वित्तीय वर्ष के अंतिम चरण में बकाया वसूली को लेकर ऊर्जा निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए नगर पालिका को अंतिम नोटिस जारी किया है। स्ट्रीट लाइटों के बिजली बिल के रूप में करीब 4.1 करोड़ रुपये बकाया होने पर निगम ने साफ चेतावनी दी है कि यदि 22 मार्च तक भुगतान नहीं हुआ, तो 23 मार्च को स्ट्रीट लाइटों का कनेक्शन काट दिया जाएगा।
ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता एस.के. सहगल ने बताया कि इससे पहले भी पालिका को नोटिस जारी कर 15 मार्च तक भुगतान करने को कहा गया था। उस समय कनेक्शन काटने की तैयारी भी कर ली गई थी, लेकिन आम जनता की परेशानी को देखते हुए कार्रवाई को टाल दिया गया। अब दोबारा नोटिस जारी कर स्पष्ट कर दिया गया है कि इस बार समयसीमा के बाद सख्त कदम उठाए जाएंगे।
मार्च माह के अंत में विभागों पर राजस्व वसूली का दबाव बढ़ जाता है और ऊर्जा निगम के लिए भी यह बकाया बड़ी चुनौती बना हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि लंबे समय से लंबित इस राशि की वसूली हर हाल में की जाएगी।
यदि स्ट्रीट लाइटों की बिजली काटी जाती है तो इसका सीधा असर शहर की सुरक्षा और व्यवस्था पर पड़ेगा। रात के समय अंधेरा होने से दुर्घटनाओं और आपराधिक घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है, साथ ही पर्यटन नगरी होने के कारण बाहरी पर्यटकों पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
अब हालात ऐसे हैं कि शहर की रातों की रोशनी पूरी तरह नगर पालिका के भुगतान पर निर्भर है। तय समयसीमा से पहले बकाया जमा होता है या नहीं, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
