Nainital: विश्व जनसंख्या दिवस पर परिवार कल्याण सप्ताह शुरू, 13 जुलाई को रामनगर में लगेगा निशुल्क स्वास्थ्य शिविर

खबर शेयर करें

रामनगर (नैनीताल )। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर जनपद नैनीताल में शनिवार से परिवार कल्याण सप्ताह का शुभारंभ किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत के निर्देश पर संयुक्त चिकित्सालय रामनगर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. तपन शर्मा ने किया। इस दौरान परिवार नियोजन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक पात्र दंपत्तियों तक परिवार कल्याण सेवाओं का लाभ पहुंचाने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. तपन शर्मा ने कहा कि 11 जुलाई से 18 जुलाई तक आयोजित होने वाले विश्व जनसंख्या सप्ताह के दौरान जनपद के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में परिवार कल्याण सेवाओं को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि परिवार नियोजन केवल जनसंख्या नियंत्रण का माध्यम नहीं, बल्कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने और स्वस्थ, समृद्ध समाज के निर्माण की महत्वपूर्ण कड़ी है।

यह भी पढ़ें 👉  राशिफल 27 दिसम्बर 2025

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने बताया कि परिवार नियोजन सप्ताह के सफल संचालन के लिए जनपद में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बी.डी. पांडे चिकित्सालय नैनीताल, महिला चिकित्सालय हल्द्वानी, संयुक्त चिकित्सालय रामनगर सहित चयनित स्वास्थ्य संस्थानों में परिवार नियोजन की स्थायी विधियों की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर आधुनिक गर्भनिरोधक साधन उपलब्ध कराए जाएंगे तथा प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी पात्र लाभार्थियों को परामर्श एवं आवश्यक सेवाएं प्रदान करेंगे।

यह भी पढ़ें 👉  26 अप्रैल को उत्तराखंड आएंगे केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, सहकारिता कार्यक्रम में लेंगे भाग

उन्होंने लोगों से महिला नसबंदी, पुरुष नसबंदी और परिवार नियोजन के अस्थायी एवं आधुनिक गर्भनिरोधक उपायों को अपनाकर छोटे, स्वस्थ और खुशहाल परिवार के निर्माण में सहयोग करने की अपील की।

इस दौरान स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी कि 13 जुलाई (सोमवार) को संयुक्त चिकित्सालय रामनगर में विशेष निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में पात्र दिव्यांगजनों के दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए जाएंगे। साथ ही गैर संचारी रोगों (एनसीडी) के तहत उच्च रक्तचाप, मधुमेह, मुख कैंसर, अन्य प्रकार के कैंसर और टीबी की प्रारंभिक जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श भी निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।

शिविर में आमजन के लिए आभा आईडी (ABHA ID) और आयुष्मान भारत कार्ड भी बनाए जाएंगे, जिससे नागरिकों को डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं और विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: रेड अलर्ट पर सरकार का एहतियाती कदम, 30 जून को बंद रहेंगे सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. तपन शर्मा ने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने तथा परिवार कल्याण और निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को अपनाने की अपील की।

कार्यक्रम में वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. एस.एस. बिष्ट, डॉ. दीपा आर्या, डॉ. आकांक्षा बनकोटी, डॉ. शैलजा, रजनीश सिंह, मीनाक्षी अधिकारी, दया कांडपाल, रेखा जोशी, पुष्पा उप्रेती, कुलदीप, सुरेश टम्टा, रीता सहित चिकित्सालय के चिकित्सक, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page