Nainital: कृष्णापुर में भूस्खलन पर सख्त हुए आयुक्त, बोले- सिर्फ रोकना नहीं, खतरनाक बोल्डरों का पूरा निस्तारण जरूरी

खबर शेयर करें

नैनीताल। कृष्णापुर क्षेत्र में लगातार हो रहे भूस्खलन और पहाड़ी से गिरते विशाल बोल्डरों को लेकर प्रशासन अब सख्त नजर आ रहा है। मंगलवार को कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने कृष्णापुर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया और अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। क्षेत्रवासियों ने बताया कि लंबे समय से पहाड़ी पर कई बड़े बोल्डर अस्थिर स्थिति में हैं, जिससे लगातार खतरा बना हुआ है। हाल ही में बोल्डर गिरने से एक कार और एक मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई थी। हालांकि गनीमत रही कि इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: दैनिक श्रमिकों को न्यूनतम वेतन न देने पर हाईकोर्ट सख्त, पीसीसीएफ और डीएफओ को अवमानना नोटिस

आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि केवल बोल्डरों को जाल लगाकर रोकना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका सुरक्षित और स्थायी निस्तारण जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्लोप स्टेबलाइजेशन में विशेषज्ञ एजेंसी को तत्काल मौके पर बुलाया जाए और आधुनिक तकनीक के जरिए बड़े बोल्डरों को छोटे टुकड़ों में काटकर हटाने की कार्रवाई की जाए। इस संबंध में अपर जिलाधिकारी को विशेषज्ञ एजेंसी से समन्वय कर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने क्षेत्र का भू-वैज्ञानिक सर्वेक्षण भी जल्द कराने को कहा, ताकि भविष्य में भूस्खलन की संभावनाओं का वैज्ञानिक आकलन किया जा सके।

जर्जर पैदल मार्ग पर जताई चिंता

निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने जर्जर पैदल मार्ग और बच्चों की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया। इस पर आयुक्त ने सिंचाई विभाग को तत्काल मार्ग मरम्मत शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जब तक बलिया नाले का स्थायी समाधान नहीं हो जाता, तब तक वर्तमान मार्ग पर रेलिंग लगाकर उसे सुरक्षित बनाया जाए।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: मंत्रिमंडल बैठक में कई अहम फैसले, पशुपालकों को मिलेगी सब्सिडी, देहरादून में नया ट्रांसपोर्ट ढांचा

दोपहिया मार्ग निर्माण का होगा सर्वे

क्षेत्रवासियों ने कुमाऊं यूनिवर्सिटी के कृषि विज्ञान विभाग के मैदान से पुराने कूड़ा खड्ड तक वैकल्पिक हल्के वाहन और दोपहिया मार्ग बनाने की मांग भी रखी। इस पर आयुक्त ने लोक निर्माण विभाग को शीघ्र सर्वे कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

गंदगी देखकर भड़के आयुक्त

क्षेत्र भ्रमण के दौरान कई स्थानों पर गंदगी मिलने पर आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने नगर पालिका को नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि जो सफाई कर्मचारी ड्यूटी पर लापरवाही करते पाए जाएंगे, उनका उस दिन का वेतन काटा जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: आईएएस अधिकारियों पर सरकार सख्त, बिना मंजूरी छुट्टी नहीं

आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि कृष्णापुर क्षेत्र में भूस्खलन और मार्ग धंसने की समस्या का स्थायी समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति या समस्या की जानकारी सीधे उन्हें फोन पर दें।

निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता संजय शुक्ला, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता पीएस बृजवाल, अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल, उपजिलाधिकारी नवाजिश खलिक, पुलिस क्षेत्राधिकारी अंजना नेगी समेत कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page