पत्नी की हत्या के आरोपी की पुलिस हिरासत में मौत, चलती गाड़ी से कूदने का दावा…कई सवालों के बीच जांच शुरू

खबर शेयर करें

गुवाहाटी। असम के गुवाहाटी में पत्नी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार रामानुज गोस्वामी की सोमवार तड़के पुलिस हिरासत में मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, उसे मेडिकल जांच के लिए गौहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) ले जाया जा रहा था। रास्ते में उसने पुलिसकर्मियों से बचकर भागने की कोशिश की और कथित तौर पर चलती पुलिस गाड़ी से बाहर कूद गया। सड़क पर गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं। पुलिसकर्मी उसे तत्काल जीएमसीएच लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद आरोपी की मौत की परिस्थितियों को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, उसके शरीर पर गोली लगने के कोई निशान नहीं मिले हैं। मौत की वास्तविक वजह विस्तृत पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस का दावा- सुरक्षा में तैनात कांस्टेबल को धक्का देकर भागा

डीसीपी (ईस्ट) तबू राम पेगू के अनुसार, रामानुज गोस्वामी को हाटीगांव थाना पुलिस ने पत्नी की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया था। अदालत ने उसे सात दिन की पुलिस हिरासत में भेजा था। सोमवार तड़के पुलिस टीम उसे मेडिकल जांच के लिए जीएमसीएच ले जा रही थी।

यह भी पढ़ें 👉  अब रात की आड़ में करोड़ों की टैक्स चोरी, रुद्रपुर–किच्छा बना काले कारोबार का गढ़

पुलिस के मुताबिक, रास्ते में पुलिस वाहन का टायर पंचर हो गया। पुलिसकर्मियों ने वाहन रोककर टायर बदला और इसके बाद फिर अस्पताल की ओर रवाना हुए। कुछ दूरी आगे नर्सिंग कॉलेज के पास आरोपी ने कथित तौर पर सुरक्षा में तैनात एक कांस्टेबल पर हमला किया और उसे जोर से धक्का दिया या लात मारी।

इसके बाद उसने पुलिस वाहन का पिछला दरवाजा खोल दिया और चलती गाड़ी से बाहर कूद गया। सड़क पर गिरने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं। पुलिसकर्मी उसे तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

तड़के 3:41 बजे अस्पताल पहुंचाया गया

जीएमसीएच के अधीक्षक डॉ. देबजीत चौधरी के अनुसार, पुलिस रामानुज को सोमवार तड़के करीब 3:41 बजे सड़क हादसे में घायल व्यक्ति के रूप में अस्पताल लेकर पहुंची थी। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के दौरान उसे मृत पाया।

अस्पताल प्रशासन ने प्रोटोकॉल के तहत तत्काल जांच की और ईसीजी भी किया। प्रारंभिक जांच में उसके शरीर पर गोली लगने के कोई निशान नहीं मिले हैं। डॉक्टर के मुताबिक, उसके शरीर पर कई टैटू थे, लेकिन वे स्पष्ट रूप से पढ़े नहीं जा सके।

यह भी पढ़ें 👉  बदहाली: 65 वर्षीय महिला को 5 किमी पैदल ढोकर सड़क तक लाए ग्रामीण

फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच के शवगृह में रखा गया है। पुलिस और अस्पताल प्रशासन के अनुसार, मौत की वास्तविक वजह विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। घटना की सूचना आरोपी के परिवार को भी दे दी गई है।

पत्नी रिया की हत्या के आरोप में हुआ था गिरफ्तार

रामानुज गोस्वामी को गुवाहाटी के बशिष्ठापुर इलाके में अपनी पत्नी रिया तालुकदार की कथित हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के मुताबिक, दंपती के बीच विवाद के बाद रिया की हत्या की गई थी। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई थी कि गोस्वामी को अपनी पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध होने का शक था।

रिया का शव तीसरी मंजिल स्थित अंजलि गृह नामक फ्लैट से बरामद किया गया था। परिवार की सूचना के बाद हाटीगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची थी। पड़ोसियों ने पुलिस को बताया था कि दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। शनिवार को भी फ्लैट से तेज आवाजें सुनाई दी थीं और पड़ोसियों ने महिला के रोने जैसी आवाज सुनने की बात कही थी।

छह महीने पहले हुई थी शादी

रिया और रामानुज की शादी करीब छह महीने पहले ही हुई थी और दोनों गुवाहाटी में साथ रह रहे थे। पुलिस के अनुसार, रामानुज उबर चालक था और मूल रूप से गौरीपुर का रहने वाला था। वहीं, रिया नूनमाटी की रहने वाली थी और फैंसी बाजार के एसी मार्केट इलाके में एक बुटीक में काम करती थी।

यह भी पढ़ें 👉  Udham Singh Nagar: एम्स किच्छा के निर्माण में तेजी के निर्देश, 10 सितंबर तक भूतल और प्रथम तल होगा तैयार

पत्नी की हत्या के मामले में गिरफ्तारी के कुछ ही समय बाद आरोपी की पुलिस हिरासत में हुई मौत ने मामले को और गंभीर बना दिया है। अब जांच का एक अहम पहलू यह भी होगा कि पुलिस वाहन से आरोपी के बाहर निकलने की पूरी परिस्थितियां क्या थीं और उसे रोकने के लिए सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने क्या कदम उठाए।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

रामानुज गोस्वामी की मौत को लेकर पुलिस का दावा है कि उसने हिरासत से भागने की कोशिश में चलती गाड़ी से छलांग लगाई, जिसके बाद गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हुई। हालांकि, मौत की अंतिम वजह और शरीर पर आई चोटों की प्रकृति का पता विस्तृत पोस्टमार्टम के बाद ही चल सकेगा।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page