इजरायल का ईरान पर बड़ा हमला, चीफ ऑफ स्टाफ की मौत, भारत ने जारी की एडवाइजरी

खबर शेयर करें

यरुशलम/तेहरान। पश्चिम एशिया में लंबे समय से जारी तनाव शुक्रवार को विस्फोटक मोड़ पर पहुंच गया। इजरायल ने सुबह-सुबह ईरान की राजधानी तेहरान पर बड़ा सैन्य हमला कर दिया। इजरायली वायुसेना द्वारा की गई लक्षित बमबारी में ईरान के कई सैन्य और परमाणु ठिकानों को निशाना बनाया गया। इस हमले में ईरान के चीफ ऑफ स्टाफ के मारे जाने की पुष्टि हुई है।

इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इस सैन्य कार्रवाई को “ऑपरेशन राइजिंग लॉयन” नाम दिया है। उन्होंने कहा कि यह ऑपरेशन तब तक जारी रहेगा, जब तक ईरान से पूरी तरह खतरा समाप्त नहीं हो जाता। इजरायल ने देशभर में आपातकाल लागू कर दिया है और सेना को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

यह भी पढ़ें 👉  रॉस टेलर की मैदान पर वापसी, अब समोआ के लिए खेलेंगे टी20 वर्ल्ड कप क्वालीफायर

इजरायली सैन्य अधिकारियों का दावा है कि ईरान के पास कुछ ही दिनों में 15 परमाणु बम बनाने लायक यूरेनियम मौजूद है। इसी आशंका के चलते यह सैन्य कार्रवाई जरूरी मानी गई। हमले के बाद तेहरान में जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गईं और कई इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, ईरानी सरकार की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

अमेरिका ने दी कड़ी चेतावनी, दूतावास खाली कराने शुरू

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका इस संघर्ष का हिस्सा नहीं बनना चाहता, लेकिन ईरान को परमाणु हथियार बनाने की इजाजत नहीं दी जाएगी। ट्रंप ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अगर परमाणु मुद्दे पर बातचीत में प्रगति नहीं होती, तो ईरान के खिलाफ और बड़ी सैन्य कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  बांग्लादेश की अशांति का फायदा उठाकर भारत में घुसपैठ की साजिश, भारतीय खुफिया एजेंसियां और BSF हाईअलर्ट पर

इस बीच अमेरिका ने पश्चिम एशिया के कई देशों में अपने दूतावासों से राजनयिकों और उनके परिवारों को बाहर निकालना शुरू कर दिया है। ओमान के विदेश मंत्री ने जानकारी दी है कि अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु वार्ता का छठा दौर रविवार को प्रस्तावित है, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए इसके सफल होने पर संदेह है।

भारत ने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी

घटनाक्रम के बीच भारत ने भी अपने नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरती है। दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआई) ने ईरान और इराक जाने वाले यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। यात्रियों से कहा गया है कि वे संबंधित एयरलाइनों से अपनी उड़ानों की ताजा जानकारी लें।

यह भी पढ़ें 👉  71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार 2025: मोहनलाल को दादासाहेब फाल्के अवॉर्ड, शाहरुख-मैसी बने बेस्ट एक्टर, रानी मुखर्जी बेस्ट एक्ट्रेस

वहीं, इजरायल के तेल अवीव में स्थित भारतीय दूतावास ने भी वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। दूतावास ने नागरिकों को सतर्क रहने, अनावश्यक आवाजाही से बचने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। सोशल मीडिया के जरिए दूतावास ने सुरक्षा उपायों को लेकर जागरूकता बढ़ाई है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page