इस्लामाबाद/क्वेटा। पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में सुरक्षा हालात बिगड़ने के चलते रेलवे प्रशासन ने रात के समय ट्रेनों का संचालन पूरी तरह से बंद कर दिया है। बलूच विद्रोही संगठनों की बढ़ती गतिविधियों के कारण यह निर्णय लिया गया है, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
रविवार रात कराची से क्वेटा जा रही बोलान एक्सप्रेस को सिंध प्रांत के जैकबाबाद स्टेशन पर रोक दिया गया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा मंजूरी न मिलने के कारण ट्रेन को आगे नहीं बढ़ाया गया। हाल ही में बलूच विद्रोहियों द्वारा 500 यात्रियों से भरी ट्रेन को अगवा कर 10 लोगों की हत्या किए जाने की घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
पाकिस्तान रेलवे के सीईओ आमिर अली बलोच ने जानकारी दी कि बोलान मेल को कई घंटों तक जैकबाबाद स्टेशन पर खड़ा रखा गया और अंततः लगभग 150 यात्रियों को बसों व अन्य वैकल्पिक साधनों के जरिए क्वेटा भेजा गया।
यात्रियों ने इस अव्यवस्था और सुरक्षा में चूक को लेकर सरकार और रेलवे प्रशासन की कड़ी आलोचना की है। कई यात्रियों ने रिफंड की मांग भी की है क्योंकि उन्हें किसी विकल्प की जानकारी नहीं दी गई थी।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद रेलवे प्रशासन ने बोलान मेल की समय-सारणी में बदलाव का निर्णय लिया है। अब यह ट्रेन कराची से मंगलवार से दोपहर 3 बजे रवाना होगी, ताकि रात के समय बलूचिस्तान में यात्रा से बचा जा सके। वर्तमान में यह ट्रेन शाम 7 बजे कराची से चलती थी।