तेज रफ्तार ट्राला ने बाइक को 50 मीटर तक घसीटा, एक ही परिवार के तीन की मौत

खबर शेयर करें

बदनावर। मध्य प्रदेश के बदनावर में शनिवार सुबह लेबड़-नयागांव फोरलेन पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। बड़ी चौपाटी से कुछ दूरी पर पिटगारा तिराहे के पास तेज रफ्तार ट्राला ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्राला बाइक को करीब 50 मीटर तक घसीटता ले गया। हादसे के बाद चालक ट्राला लेकर मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार राहुल पिता निर्भय सिंह भाटी (35) अपनी पत्नी पूजा (30) और बेटियों सुमन (14) व शिवानी (12) के साथ बाइक से ग्राम धमाना में लहसुन की बोवनी के लिए जा रहे थे। सुबह करीब सात बजे पिटगारा तिराहे के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्राला ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक कुछ दूर तक ट्राला के साथ घिसटती चली गई। हादसे में राहुल, उनकी पत्नी पूजा और 14 वर्षीय बेटी सुमन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 12 वर्षीय शिवानी गंभीर रूप से घायल हो गई।

यह भी पढ़ें 👉  नकली दवाओं के बड़े रैकेट का भंडाफोड़, गाजियाबाद में चल रही अवैध फैक्ट्री पर दिल्ली पुलिस की छापेमारी

घायल बच्ची को तत्काल बदनावर के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे रतलाम रेफर कर दिया। उधर, हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: नशा मुक्ति केंद्र के शौचालय में मिला मरीज का शव, गले पर धारदार हथियार के निशान

ग्रामीणों ने पिटगारा तिराहे पर चक्काजाम कर दिया। उनकी मांग थी कि तिराहे पर स्पीड ब्रेकर बनाया जाए और मृतक परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए। सूचना पर एसडीएम प्रियंका मिमरोट, एसडीओपी अरविंद सिंह तोमर, टीआई अमित सिंह कुशवाह और तहसीलदार सुरेश नागर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। सुबह करीब 10 बजे तक चक्काजाम जारी रहा।

चक्काजाम के कारण लेबड़-नयागांव फोरलेन पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सड़क के दोनों ओर सात किलोमीटर से अधिक लंबी वाहनों की कतार लग गई। यात्री बसों, ट्रकों और अन्य वाहनों में सवार लोग भी घंटों जाम में फंसे रहे। पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था सामान्य कराने में जुटे रहे।

यह भी पढ़ें 👉  अरुणाचल में बड़ा हादसा: ट्रक खाई में गिरा, असम के 21 मजदूरों की मौत की आशंका

हादसा इतना भीषण था कि तीनों मृतकों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए। दुर्घटना में बाइक क्रमांक एमपी 43 ईएफ 2220 भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार ट्राला और उसके चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page