हल्द्वानी/नैनीताल। जनपद में लगातार बढ़ते तापमान और संभावित हीटवेव को देखते हुए जिला प्रशासन ने पेयजल संरक्षण के लिए सख्त कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जनहित में प्रतिबंधात्मक आदेश जारी करते हुए पेयजल के दुरुपयोग पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। यह आदेश 25 मई 2026 से 20 जून 2026 अथवा मानसून शुरू होने तक, जो भी पहले हो, प्रभावी रहेगा।
जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार जनपद में सभी नए पेयजल संयोजनों की स्वीकृति और निर्गमन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। इसके साथ ही भवन निर्माण कार्यों के लिए पूर्व में स्वीकृत अस्थायी और निर्माणाधीन जल संयोजन भी तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिए गए हैं।
प्रशासन ने वाहन धुलाई पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। वाहन सर्विस सेंटरों और वॉशिंग सेंटरों पर पानी से वाहन धोने की अनुमति नहीं होगी। केवल ड्राई वॉश प्रणाली का उपयोग किया जा सकेगा। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करते हुए जल संयोजन विच्छेद किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि किसी भी सर्विस कनेक्शन में सीधे टुल्लू पम्प या सक्शन पम्प का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। निरीक्षण के दौरान ऐसा पाए जाने पर संबंधित पम्प जब्त किए जाएंगे और जल संयोजन काटने की कार्रवाई भी की जाएगी।
आदेश में पेयजल के गैर-जरूरी उपयोग पर भी सख्ती दिखाई गई है। पेयजल का उपयोग सिंचाई, वाहन धुलाई, फर्श साफ करने या अन्य गैर-आवश्यक कार्यों में पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। छतों पर लगी पानी की टंकियों से ओवरफ्लो या रिसाव पाए जाने पर भी संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा प्रशासन ने पाइपलाइन लीकेज को गंभीरता से लेते हुए मुख्य और वितरण पाइप लाइनों की तत्काल मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी और कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि व्यापक जनहित में चल रहे राजकीय निर्माण कार्यों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है, लेकिन कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण स्थलों पर पानी की बर्बादी रोकने के निर्देश दिए गए हैं। जल अपव्यय पाए जाने पर संबंधित संस्था को जिम्मेदार माना जाएगा।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी नागरिकों, संस्थानों और विभागों से आदेशों का कड़ाई से पालन करने की अपील करते हुए कहा कि जल संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है और वर्तमान परिस्थितियों में प्रत्येक व्यक्ति को जिम्मेदारी निभानी होगी।

