Haldwani: 29 अगस्त को होगा खेल विश्वविद्यालय का विधिवत शुभारंभ, प्रवेश की अंतिम तिथि 19 अगस्त

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। गौलापार स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय का विधिवत शुभारंभ 29 अगस्त को होने जा रहा है। विश्वविद्यालय के प्रथम शैक्षणिक सत्र में प्रवेश प्रक्रिया को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। खिलाड़ियों और खेल में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों को प्रवेश का अवसर देने के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 19 अगस्त 2026 कर दी गई है।

बुधवार को विश्वविद्यालय की डिप्टी रजिस्ट्रार एवं डिप्टी डायरेक्टर खेल रशिका सिद्दीकी ने पत्रकारों से बातचीत में विश्वविद्यालय की प्रवेश प्रक्रिया और पाठ्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अंतिम तिथि बढ़ाने का उद्देश्य अधिक से अधिक खिलाड़ियों और विद्यार्थियों को प्रवेश का अवसर उपलब्ध कराना है। 19 अगस्त के बाद प्रवेश परीक्षा की प्रक्रिया शुरू होगी और अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे।

यह भी पढ़ें 👉  राशिफल 16 जनवरी

उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के प्रथम शैक्षणिक सत्र में वर्तमान में तीन स्नातक और नौ डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। खेलों में रुचि रखने वाले विद्यार्थी इन पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चुके खिलाड़ियों के लिए भी विश्वविद्यालय में अध्ययन के अवसर उपलब्ध हैं।

स्नातक स्तर पर बैचलर ऑफ स्पोर्ट्स साइंस, बैचलर ऑफ स्पोर्ट्स मैनेजमेंट और बैचलर ऑफ स्पोर्ट्स जर्नलिज्म पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं। इनकी अवधि चार वर्ष होगी। वहीं, डिप्लोमा इन स्पोर्ट्स कोचिंग का एक वर्षीय पाठ्यक्रम नौ खेलों में संचालित किया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: बनभूलपुरा रेलवे भूमि विवाद...सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई फिर टली, अब 16 दिसंबर को होने की संभावना

स्नातक पाठ्यक्रमों की फीस 28,700 रुपये प्रति सेमेस्टर निर्धारित की गई है, जबकि डिप्लोमा पाठ्यक्रम के लिए 45,100 रुपये प्रति वर्ष फीस रखी गई है। विश्वविद्यालय की ओर से खेलों को उच्च शिक्षा और रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से खेल विज्ञान, प्रबंधन, पत्रकारिता और कोचिंग जैसे क्षेत्रों में पाठ्यक्रम उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

प्रवेश प्रक्रिया के अनुसार 19 अगस्त आवेदन की अंतिम तिथि है। इसके बाद 23 अगस्त को लिखित प्रवेश परीक्षा होगी। लिखित परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों का 24 और 25 अगस्त को फिजिकल टेस्ट लिया जाएगा। 25 और 26 अगस्त को इंटरव्यू एवं प्रमाण पत्रों का सत्यापन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को 28 अगस्त तक फीस जमा करनी होगी।

यह भी पढ़ें 👉  अल्मोड़ा में दर्दनाक हादसा: कूपी बैंड पर 60 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, पीएनबी के हेड कैशियर की मौत

विश्वविद्यालय का शैक्षणिक सत्र 1 सितंबर 2026 से शुरू होगा, जबकि गौलापार स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में विश्वविद्यालय का विधिवत शुभारंभ 29 अगस्त को प्रस्तावित है।

रशिका सिद्दीकी ने इच्छुक विद्यार्थियों और खिलाड़ियों से अपील की कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। उन्होंने कहा कि खेल विश्वविद्यालय में प्रवेश के माध्यम से युवाओं को खेल के साथ-साथ खेल से जुड़े विभिन्न व्यावसायिक क्षेत्रों में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

इस दौरान जिला खेल अधिकारी निर्मला पंत समेत खेल विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page