दर्जा राज्य मंत्री ने किया मेले में प्रतिभाग, स्थानीय उत्पादों की खरीदारी कर स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं का उत्साह बढ़ाने की अपील
हल्द्वानी। सरस आजीविका मेला स्थानीय संस्कृति, परंपराओं और ग्रामीण हुनर को पहचान दिलाने के साथ महिला सशक्तीकरण का मजबूत मंच बन रहा है। यह केवल एक मेला नहीं, बल्कि ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने और ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना को धरातल पर उतारने का जीवंत उदाहरण है। यह बात दर्जा राज्य मंत्री शंकर कोरंगा ने शनिवार को हल्द्वानी में आयोजित सरस आजीविका मेले में बतौर मुख्य अतिथि कही।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के हर वर्ग को अपनी प्रतिभा और हुनर प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराया है। सरस मेले के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं और ग्रामीण अपने पारंपरिक उत्पादों, स्थानीय व्यंजनों, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक विरासत को लोगों तक पहुंचा रहे हैं। यह उनकी मेहनत, हुनर और आत्मनिर्भरता की भावना को प्रदर्शित करता है।
कोरंगा ने मेले में दूसरे क्षेत्रों से पहुंचे व्यापारियों और स्टॉल संचालकों का भी आभार जताया। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचकर स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करें और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं का उत्साह बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को भी नई दिशा मिलेगी।
मेले में आयोजित स्टार नाइट में प्रकाश चंद्र और दीपम सुयाल ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। वहीं लोहखाम सांस्कृतिक दल ने नंदा राजजात यात्रा की शानदार प्रस्तुति देकर उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और धार्मिक परंपराओं की झलक पेश की। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने जमकर उत्साह दिखाया।
इस दौरान परियोजना निदेशक चंद्रा फर्त्याल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।


