नैनीताल दुग्ध संघ के 77वें वार्षिक अधिवेशन में उत्कृष्ट समितियां सम्मानित, अध्यक्ष मुकेश बोरा ने दुग्ध उत्पादकों की मेहनत और योगदान को सराहा
लालकुआं (हल्द्वानी)। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के 77वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन में दुग्ध संग्रह और कारोबार के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली समितियों का दबदबा देखने को मिला। लालकुआं-बिंदुखत्ता क्षेत्र की दुग्ध समितियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष तीनों स्थानों पर कब्जा जमाया। बिंदुखेड़ा दुग्ध समिति ने सर्वाधिक एक करोड़ 77 लाख 83 हजार 862 रुपये के दूध कारोबार के साथ पहला स्थान हासिल किया।
वहीं संजय नगर दुग्ध समिति एक करोड़ 75 लाख 45 हजार 440 रुपये के कारोबार के साथ दूसरे और रावत नगर दुग्ध समिति एक करोड़ 58 लाख 79 हजार 432 रुपये के कारोबार के साथ तीसरे स्थान पर रही। अधिवेशन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली समितियों को सम्मानित कर उनके पदाधिकारियों और दुग्ध उत्पादकों का उत्साहवर्धन किया गया। इसके अलावा हरिपुर कुंवर सिंह और पलड़िया दुग्ध समितियों को प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए गए।
संघ की ओर से वर्ष 2025-26 के दौरान उपलब्ध कराए गए दूध की कुल कीमत के आधार पर पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों की 10 उत्कृष्ट दुग्ध समितियों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में समितियों के प्रतिनिधियों ने दुग्ध उत्पादकों को प्रोत्साहित करने और उनके हितों के लिए लगातार प्रयास करने पर संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा का आभार जताया।
समिति प्रतिनिधियों ने कहा कि दुग्ध उत्पादकों की मेहनत को पहचान और उचित सम्मान दिलाने के लिए संघ की ओर से किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। इससे पशुपालकों का मनोबल बढ़ने के साथ ही सहकारिता की भावना भी मजबूत हो रही है।
इस अवसर पर संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने सम्मानित समितियों और दुग्ध उत्पादकों को बधाई देते हुए कहा कि समितियों की सफलता के पीछे पशुपालकों की मेहनत, समर्पण और सामूहिक प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उत्कृष्ट समितियों को सम्मानित करने का उद्देश्य उनके योगदान को पहचान देने के साथ अन्य समितियों और दुग्ध उत्पादकों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने कहा कि नैनीताल दुग्ध संघ दुग्ध उत्पादकों के हितों के प्रति सजग और प्रतिबद्ध है। पशुपालकों को प्रोत्साहन देने और सहकारी समितियों को मजबूत बनाने के लिए आगे भी निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे।


