पटियाला। पंजाब के पटियाला शहर में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। रेलवे कॉलोनी क्षेत्र के पास एक नीले रंग के ड्रम से युवती का शव मिलने के बाद लोगों में दहशत का माहौल है। सुबह-सुबह सामने आए इस घटनाक्रम के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई और क्षेत्र में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार थाना अर्बन एस्टेट पुलिस को एक फोन कॉल के जरिए सूचना मिली कि डीसीडब्ल्यू पुल के पास कूड़े के ढेर में एक संदिग्ध नीला ड्रम पड़ा हुआ है। स्थानीय लोगों को आशंका थी कि ड्रम के भीतर कोई शव हो सकता है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की गई।
पुलिस जब ड्रम को खोलकर जांच की तो अंदर का दृश्य देखकर हर कोई स्तब्ध रह गया। ड्रम के भीतर लगभग 15 से 20 वर्ष की एक युवती का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना तेजी से आसपास के इलाकों में फैल गई, जिसके बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी तत्काल मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए और पूरे क्षेत्र की बारीकी से जांच की। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि युवती की हत्या कहीं और करने के बाद शव यहां लाकर फेंका गया या फिर वारदात इसी क्षेत्र में हुई।
जांच अधिकारी एएसआई गुरविंदर सिंह के अनुसार अभी तक मृतका की पहचान नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। युवती के एक हाथ पर “नेहा” नाम का टैटू बना हुआ मिला है, जबकि दूसरे हाथ पर दिल का निशान भी पाया गया है। इसके अलावा चेहरे पर चोट के हल्के निशान भी दिखाई दिए हैं, जिससे मामला और अधिक संदिग्ध माना जा रहा है।
पुलिस अब आसपास के क्षेत्रों में लोगों से पूछताछ कर रही है और विभिन्न थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि शरीर पर मिले टैटू और अन्य निशान युवती की पहचान में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
फिलहाल शव को कब्जे में लेकर राजेंद्र अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। इस घटना ने एक बार फिर कानून व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

